एनएसए रद्द होने के बाद जेल से बाहर आया संभल हिंसा का आरोपी अफरोज, कहा- शारिक साठा से संबंध नहीं
एनएसए रद्द होने के बाद संभल हिंसा का आरोपी अफरोज जेल से बाहर आ गया है। उसने कहा कि उसके शारिक साठा से संबंध नहीं हैं। उसने बताया कि जेल में 20 महीने बेहद मुश्किल रहे। इस दौरान परिवार ने भी परेशानियां झेलीं।

यूपी के संभल में जामा मस्जिद हिंसा के आरोपी मुल्ला अफरोज को सुप्रीम कोर्ट से एनएसए की कार्रवाई रद्द होने के बाद मंगलवार रात मुरादाबाद जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आने के बाद वह रायसत्ती थाना क्षेत्र के हौज भदेसराय स्थित अपने घर पहुंच गया। 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद में सर्वे के विरोध में हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि 29 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हुए थे।
मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत 37 लोगों को नामजद करते हुए करीब तीन हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज किए गए थे। अफरोज को पुलिस ने 17 जनवरी 2025 को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद होने का दावा किया गया था।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने मुल्ला अफरोज पर लगी एनएसए को रद्द कर दिया। एनएसए रद्द होने के बाद मंगलवार रात मुल्ला अफरोज की जेल से रिहाई हो गई, और वह अपने घर पहुंच गया। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुल्ला अफरोज की रिहाई हो गई है, वह हिस्ट्रीशीटर है, अन्य हिस्ट्रीशीटरों की तरह उस पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
मुल्ला नहीं मोहम्मद अफरोज है नाम
रिहाई के बाद अफरोज के भाई फरोग आलम ने कहा कि उनके भाई के सभी दस्तावेजों में नाम मोहम्मद अफरोज है, जबकि पुलिस ने उसे मुल्ला अफरोज लिखा। उन्होंने कहा कि परिवार सुप्रीम कोर्ट के आदेश से राहत महसूस कर रहा है।
बता दें कि अफरोज करीब 20 महीने 10 दिन जेल में रहा है। वह दीपा सराय स्थित अपने घर पहुंचा। घर लौटने पर परिवार के लोगों ने उसका स्वागत किया। अफरोज ने इस दौरान कहा कि जेल में बीते दिन बेहद दर्दनाक थे। परिवार आर्थिक रूप से टूट गया था। अब वो घर लौट आया है और उसके आने के बाद से घर में ईद जैसा माहौल है। इस दौरान अफरोज ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को अपने लिए बड़ी राहत बताया।
शारिक से संबंध नहीं
अफरोज ने कहा कि शारिक साठा से मेरा कोई संबंध नहीं है। यह पुलिस के दिमाग की उपज है। उसने कहा कि जिस तरह उसके खिलाफ शारिक साठा से संबंध होने की बात कही गई, वह उससे सहमत नहीं है। अफरोज के भाई शहरोज ने कहा कि उनके भाई के खिलाफ कोई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य या ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं है और उन्हें सभी छह आपराधिक मामलों में पहले ही जमानत मिल चुकी थी।

