
यूपी: साईं मंदिर के पुजारी की हत्या, मंदिर से मुकुट गायब; कमरे में मिली लाश
संक्षेप: रोज सुबह होने वाली आरती के समय पुजारी के न उठने पर पड़ोस के आशीष दीक्षित ने मंदिर के चेयरमैन को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि पुजारी मंदिर के ऊपर बने कमरे में बेड पर मृत पड़े थे। उनके गले में कपड़ा फंसा हुआ था और पैर भी बंधे थे। मंदिर से चांदी के मुकुट भी गायब हैं।
Murder in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बदायूं में साईं मंदिर के मुख्य पुजारी की हत्या कर दी गई। मंदिर से चांदी के मुकुट गायब हैं। पुजारी की लाश मंदिर के ऊपर बने कमरे में मिली। वारदात को अंजाम देने वालों ने मंदिर का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया और डीबीआर अपने सााथ ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।

घटना, बदायूं के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नवादा स्थित साईं मंदिर में हुई। मारे गए पुजारी बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के कलियाकाजमपुर के रहने वाले थे। 40 वर्षीय मनोज पुत्र नन्नूमल करीब 10 वर्षों से साईं मंदिर में मुख्य पुजारी थे। वह रोज सुबह मंदिर में आरती करते थे। सोमवार को मंदिर में होने वाली आरती के समय पर पुजारी के न उठने पर पड़ोस के आशीष दीक्षित ने मंदिर के चेयरमैन सुरेंद्र वैश्य को सूचना दी।
पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो पुजारी मनोज मंदिर के ऊपर बने कमरे में बेड पर मृत पड़े थे। उनके गले में कपड़ा फंसा हुआ था और पैर भी बंधे थे, जिससे स्पष्ट है कि हत्या गला दबाकर की गई है। मंदिर से चांदी के मुकुट भी गायब हैं।
पुलिस यह पता लगा रही है कि पुजारी की हत्या लूटपाट के इरादे से की गई थी, या फिर कोई अन्य कारण भी रहा है। सूचना पर फॉरेंसिक टीम, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस यूनिट के साथ एसपी देहात हृदेश कठेरिया, एसपी सिटी विजयेन्द्र द्विवेदी, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय और सिविल लाइंस व सदर कोतवाली पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची है। पुलिस मंदिर के अंदर-बाहर से साक्ष्य जुटाने में लग गई है।





