मेरठ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, यूपी रोडवेज बस ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा, दोनों की मौत
मेरठ हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। रोडवेज बस ने बाइक सवार दोनों भाइयों को रौंद दिया। बाइक सवार हेलमेट भी पहने हुए थे लेकिन दुर्घटना में हेलमेट चकनाचूर हो गया।

यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, मवाना में मेरठ हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। रोडवेज बस ने बाइक सवार दोनों भाइयों को रौंद दिया। बाइक सवार हेलमेट भी पहने हुए थे लेकिन दुर्घटना में हेलमेट चकनाचूर हो गया।
पुलिस के अनुसार मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय आहद पुत्र अहसान और उसका चचेरा भाई 18 वर्षीय उमर बेटे गुलफाम मवाना के मोहल्ला कल्याण सिंह में रिश्तेदार से मिलने आए थे। यहां से बाइक से लौटते वक्त पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो मेरठ की ओर से आ रही गढ़मुक्तेश्वर डिपो की बस ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया और दोनों युवकों को रौंद दिया। दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मवाना और मेरठ से लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
बाइक और बस दोनों की रफ्तार थी तेज प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार तेज गति से मेरठ की ओर जा रहे थे। वहीं, मेरठ की ओर से आ रही रोडवेज बस भी तेज गति में थी। बस चालक ने दुर्घटना की आंशका देखते हुए तेज ब्रेक लगाए, लेकिन बस काफी दूर तक बाइक को घसीटते हुए ले गई। मौके पर पहुंचे मवाना निवासी नावेद ने बताया दोनों युवक उनके रिश्तेदार हैं। कई साल पहले इनके परिवार मवाना से मेरठ में बस गए थे। थाना प्रभारी पूनम जादौन ने बताया शव मोर्चरी भेज दिए गए हैं। तहरीर नहीं मिली है। उमर आहद का चचेरा भाई है। आहद दो भाइयों में पहले नंबर का है। छोटा भाई जैद है। वहीं उमर तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है।
तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ी एसयूवी, मां-बेटे की मौत
उधर, सुल्तानपुर जिले के मदनपुर पनियार गांव स्थित पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार की भोर में अनियंत्रित एसयूबी कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार चालक युवक और उसके बगल में बैठी उसकी मां की मौत हो गई। पीछे बैठीं महिला की बहन और बेटी को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे मां-बेटे को बमुश्किल बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृत बेबी मसीह बलिया जिले के रसड़ा थाने के स्थानीय बाजार की रहने वाली थी। मृतका की बहन माधुरी ने बताया कि उनकी एक बहन जो शाहजहांपुर में रहतीं हैं, उनके घर पर कुछ हादसा हो गया था। इस पर बहन बेबी मसीह अपने पुत्र अर्पित, बेटी अक्षा और बहन अमृता के साथ अपनी एसयूवी से शाहजहांपुर गईं थी। वहां से चारों लोग वापस घर लौट रहे थे।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



