
पानी लेने गए दो सफाई कर्मियों को दुकानदार की पत्नी ने दिया तेजाब, पीते ही हालत बिगड़ी
यूपी में रामपुर के मसवासी में पानी की बोतल लेने पहुंचे दो सफाई कर्मियों को किराना व्यापारी की पत्नी ने गलती से तेजाब की बोतल थमा दी। बोतल से घूंट लेते ही दोनों की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
यूपी में रामपुर के मसवासी में पानी की बोतल लेने पहुंचे दो सफाई कर्मियों को किराना व्यापारी की पत्नी ने गलती से तेजाब की बोतल थमा दी। बोतल से घूंट लेते ही दोनों की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह नगर पंचायत कार्यालय में सफाई कर्मी के पद पर तैनात मानपुर उत्तरी निवासी संदीप व नगर के मोहल्ला भूबरा निवासी प्रदीप चाऊपुरा में सफाई कार्य कर रहे थे। प्यास लगने पर वे मोहल्ला चाऊपुरा स्थित हनुमान मंदिर के पास एक किराना स्टोर से पानी की बोतल लेने पहुंचे।
बताते हैं कि किराना व्यापारी के न होने पर उसकी पत्नी ने उन्हें पानी समझकर गलती से तेजाब की बोतल पकड़ा दी। बोतल से पीते ही दोनों की तबीयत अचानक खराब हो गई। वहां मौजूद साथी कर्मियों ने तुरंत दोनों को स्थानीय निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मी मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पर कोतवाल प्रदीप कुमार मलिक और चौकी प्रभारी अजय कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। चाऊपुरा मोहल्ले के सफाई नायक छिद्दन वाल्मीकि ने किराना व्यापारी के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंप दी है। वहीं, सूचना पर मुख्य खाद्य अधिकारी सुनील शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।





