UP Rain: अगले 5 दिनों तक मॉनसूनी बारिश, कई जिलों में भारी बरसात संग बिजली गिरने का भी अलर्ट
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मॉनसूनी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने के आसार जताए हैं।

UP Rain Alert: यूपी में अगले पांच तक मॉनसूनी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विन विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तीन और चार जुलाई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि पांच और छह जुलाई को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने दो जुलाई के लिए प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। तीन और चार जुलाई को भी कई स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि पांच और छह जुलाई को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा का खतरा बना रहेगा।
विभाग के अनुसार गुरुवार को बांदा, चत्रिकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापूर, चंदौली, संत रविदास नगर, सिदार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना अधिक है। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, संभल, जालौन सहित प्रदेश के अनेक जिलों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई
तीन जुलाई को बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर, रायबरेली, मेरठ, आगरा और जालौन सहित कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। चार जुलाई को सोनभद्र, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश तथा प्रयागराज, मर्जिापुर, वाराणसी, मुरादाबाद, रामपुर, जालौन और आसपास के क्षेत्रों में वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, तेज हवा और भारी वर्षा के दौरान कृषि कार्य स्थगित रखने तथा फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की भी सलाह दी है।


