यूपी: प्राइमरी स्कूल शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या, आरोपी ने कोतवाली में किया सरेंडर
नौशाद, बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरौड़ा के रहने वाले थे। वर्तमान में वह राहुतपुर खुर्द में मकान बनाकर रह रहे थे। स्कूल में छुट्टी के बाद वह घर के लिए निकले थे। स्कूल से करीब 150 मीटर दूर रजवाहे के पास पहले से बाइक लेकर खड़े एक युवक ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही नौशाद गिर पड़े।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां नजीबाबाद थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर के प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को छुट्टी के बाद घर लौट रहे शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूल से महज करीब 150 मीटर दूर रजवाहे के पास पहले से बाइक लेकर खड़े युवक ने शिक्षक पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को नजीबाबाद से जौलीग्रांट रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी खुद ही कोतवाली पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है।
पुरुषोत्तमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पद पर तैनात नौशाद पुत्र नासिर मूल रूप से मंडावली थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरौड़ा के रहने वाले थे। वर्तमान में वह राहुतपुर खुर्द में मकान बनाकर रह रहे थे। मंगलवार को स्कूल में छुट्टी के बाद नौशाद घर के लिए निकले थे। बताया गया है कि स्कूल से करीब 150 मीटर दूर रजवाहे के पास पहले से बाइक लेकर खड़े एक युवक ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही नौशाद गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
आसपास के लोग मौके पर दौड़े और उन्हें एचएमएच अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें उत्तराखंड के जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही नौशाद की मौत हो गई। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही कोतवाली पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, शिक्षक की हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
शिक्षकों और छात्रों में शोक
प्राइमरी स्कूल शिक्षक नौशाद की हत्या से बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके स्कूल के विद्यार्थियों में शोक फैल गया है। नौशाद की किसी से ऐसी दुश्मनी होगी कि वह उनके खून का प्यासा हो जाएगा ये किसी ने सोचा नहीं था। फिलहाल पुलिस ने भी हत्या के पीछे किसी वजह का खुलासा नहीं किया है। हत्यारोपी ने जिस तरह सरेआम दिन दहाड़े हत्या की और फिर खुद ही कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने आत्म समर्पण कर दिया, उसकी इलाके में काफी चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड के पीछे की वजह का पता चल जाएगा। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सख्त कार्रवाई की जाएगी।

