यूपी के 11 स्कूलों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, देश भर में बन गए मिसाल; डिटेल में जानें

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

उत्तर प्रदेश के ये 11 स्कूल ऐसे हैं जिनका स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। देशभर से कुल 191 विद्यालय चुने गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने निर्णय लिया है कि राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यालयों को जल्द ही सम्मानित किया जाएगा।

11 schools from uttar pradesh have achieved national glory setting a precedent for the nation

UP Primary Schools : उत्तर प्रदेश के 11 स्कूलों ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एसएचवीआर) 2025-26 में परचम लहरा दिया है। इनका राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। इनमें से छह परिषदीय, दो कस्तूरबा गांधी विद्यालय, दो अन्य श्रेणी के विद्यालय और एक निजी विद्यालय है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय अब केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विद्यालयी वातावरण तैयार करने में भी देश भर में मिसाल बन रहे हैं। जिन विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है उनमें संभल का प्राथमिक विद्यालय इटालिया माफी (रैंक 12), पीलीभीत का प्राथमिक विद्यालय चोखापुर (रैंक 25), चित्रकूट का पीएमवी कन्या गंछापा (रैंक 27), बरेली का प्राथमिक विद्यालय सहजनी (रैंक 29), बदायूं का कंपोजिट विद्यालय आमगांव (रैंक 36) तथा सहारनपुर का उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर लबदौला (रैंक 55) शामिल हैं। श्रावस्ती का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हरिहरपुर रानी ( रैंक 9) और जालौन का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कोंच (रैंक 14) भी राष्ट्रीय सूची में स्थान बनाने में सफल रहे हैं।

इसके अलावा प्रयागराज का एयरफोर्स स्कूल मनौरी (रैंक 31) और वाराणसी का जवाहर नवोदय विद्यालय, गजोखर (रैंक 46) भी शामिल हैं। वहीं निजी विद्यालय श्रेणी में मेरठ के दयावती मोदी अकादमी-1 (रैंक 4) ने स्थान बनाया है। राज्य स्तर पर चयनित शीर्ष 20 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए भेजा गया था, जिनमें से 11 विद्यालयों ने राष्ट्रीय सूची में स्थान बनाया। देशभर से कुल 191 विद्यालयों का चयन किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यालयों को शीघ्र सम्मानित करने का निर्णय लिया है, ताकि अन्य विद्यालय भी स्वच्छता और हरित परिसर के क्षेत्र में प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

निजी विद्यालयों को पीछे छोड़ रहे सरकारी स्कूल

एसएचवीआर रेटिंग में विद्यालयों का मूल्यांकन स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित परिसर और सामुदायिक सहभागिता जैसे मानकों पर किया जाता है। यह उपलब्धि बताती है कि परिषदीय विद्यालय संसाधनों के प्रभावी उपयोग और जनभागीदारी के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर रहे हैं। बीते वर्षों में विद्यालयों में संचालित स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जल संरक्षण और कायाकल्प जैसी पहलों का सकारात्मक प्रभाव अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है।

पारदर्शी मूल्यांकन में मिली सफलता

इस रेटिंग के लिए विद्यालयों द्वारा पहले एसएचवीआर पोर्टल पर स्वमूल्यांकन किया गया। इसके बाद जनपद और राज्य स्तर पर सत्यापन तथा पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया अपनाई गई। शीर्ष विद्यालयों का दोबारा परीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम चयन किया गया। पूरी प्रक्रिया डिजिटल रही, जिससे पारदर्शिता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित हुई। कठोर मानकों पर खरा उतरने के बाद राष्ट्रीय सूची में स्थान बनाना बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बच्चों को मिल रहा स्वच्छ और प्रेरक शिक्षण वातावरण

वरिष्ठ विशेषज्ञ, निर्माण श्री श्याम किशोर तिवारी जी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा- ‘यह सफलता प्रदेश के शिक्षकों, विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और शिक्षा विभाग के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विद्यालयों में स्वच्छता, हरियाली और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से अन्य विद्यालयों को भी प्रेरणा मिलेगी और प्रदेश में स्वच्छ, हरित तथा गुणवत्तापूर्ण विद्यालयी वातावरण के निर्माण को और गति मिलेगी। यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।’

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी के 11 स्कूलों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, देश भर में बन गए मिसाल