Prayagraj Weather: बारिश ने दिलाई उमस से राहत-गिरा तापमान, अगले तीन-चार दिन बरसेंगे बादल

संवाददाता, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

प्रयागराज में झमाझम बारिश से तापमान लुढ़का है और लोगों को उमस से राहत मिली है। गुरुवार को जिले में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी बोले, अगले तीन-चार दिन बारिश होगी।

बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

यूपी के प्रयागराज में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। झमाझम बारिश से गुरुवार को शहर के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। सुबह 11 बजे बारिश शुरू हुई देखते ही देखते बूंदों ने रफ्तार पकड़ी और पूरी रात तेज से मध्यम बारिश का सिलसिला चलता रहा। गुरुवार को 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत तो मिली लेकिन दुश्वारियां भी बढ़ गईं। वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी।

गुरुवार को दिन का तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि बुधवार का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस था। यानी एक दिन में 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान में कमी हुई। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 15 जुलाई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक प्रो. शैलेंद्र राय के अनुसार उप्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था इसलिए बारिश अधिक हो रही है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी हवाओं के सक्रिय रहने के कारण बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

बादलों की मौजूदगी के कारण तेज धूप निकलने की संभावना कम है। आगामी तीन-चार दिन तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। बारिश से तामपान में अभी और गिरावट होगी। तेज बारिश ने किसानों के चेहरे पर रौनक लौटा दी है। कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान किसानों के लिए बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। बारिश से जिले में धान की रोपाई और बोआई को गति मिलेगी साथ ही पैदावार बढ़ने की उम्मीद है।

30 मिनट की बारिश में सड़क-कॉलोनी लबालब

मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई के दावों की हकीकत सामने ला दी। गुरुवार को लगभग 30 मिनट हुई तेज बारिश के बाद शहर के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर दो से पांच फीट तक पानी भर गया, जिससे सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। सबसे अधिक परेशानी कोठापार्चा और जाफरी कॉलोनी के लोगों को उठानी पड़ी। कई मोहल्लों में देर रात तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई।

कोठापार्चा की दुकानों में पानी घुस गया। करेली स्थित जाफरी कॉलोनी के घरों में पांच फीट तक पानी भर गया। पुराने शहर की मार्केट से दुकानदार दुकानों से पानी निकालते रहे। जाफरी कॉलोनी में पानी घुसने से कई घरों में नीचे रखे सामान खराब हो गए। कोठापार्चा जैसे हालात पुराने शहर के अकबरपुर और खुल्दाबाद के रहे। दोनों इलाकों में सड़कों पर दो फीट तक पानी भरा। निरंजन डॉट पुल के नीचे भी काफी देर तक पानी भरा रहा। सिविल लाइंस क्षेत्र के बड़ा डाकघर चौराहे पर हर साल की भांति देर रात तक पानी भरा रहा।

लाउदर रोड के लगभग 200 मीटर हिस्से में दो घंटे तक बालसन चौराहा से मेडिकल चौराहा जाने वाले मार्ग का हिस्सा डूबा रहा। दयानंद मार्ग के लगभग 500 मीटर पर एक घंटा पानी भरा रहा। स्टैनली रोड के मिश्रा भवन चौराहे का एक हिस्सा देर रात तक जलमग्न रहा। बाई का बाग के मुख्य मार्ग और आसपास की गलियों में भी बारिश का पानी रुका रहा। मेडिकल चौराहा और रामबाग फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर सर्विस लेने का हिस्सा जलमग्न रहा।

यहां हुआ जलभराव

मेडिकल चौराहा, रामबाग आरओबी के नीचे, निरंजन डॉट पुल, अकबरपुर, खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, कीडगंज, बहादुरगंज, काटजू रोड, लीडर रोड, अल्लापुर का बाघंबरी रोड, मटियारा रोड, तुलसी पार्क, रामभवन चौराहा, लाउदर रोड, कानपुर रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा, मिश्रा भवन चौराहा, करेली, करेलाबाग और मुट्ठीगंज समेत अनेक इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।