शराब की असलियत बताएगा सेंसर, हवा में मौजूद एथेनॉल को पहचानने में करेगा मदद

कार्यालय संवाददाता, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

यूपी के वैज्ञानिकों ने शराब की असलियत बताने वाला सेंसर तैयार किया है। ये सेंसर हवा में मौजूद एथेनॉल को भी पहचानने में मदद करेगा। इसके जरिए शराब की जांच हो सकती है और पता लगाया जा सकता है कि एथेनॉल की मात्रा कितनी है।

Liquor
यूपी के वैज्ञानिकों ने शराब की असलियत बताने वाला सेंसर बनाया (प्रतीकात्मक फोटो)

यूपी के प्रयागराज में शराब में मौजूद एथेनॉल की मात्रा का पता लगाने के लिए वैज्ञानिकों ने एक नया सेंसर तैयार किया है। यह सेंसर हवा में मौजूद एथेनॉल को पहचानने में मदद करेगा। इसके लिए पेटेंट भी फाइल किया गया है। शोध नीदरलैंड के एल्सेवियर जर्नल के हालिया अंक में प्रकाशित हुआ है। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. राम प्रताप ने बताया कि सेंसर को अलग-अलग परिस्थितियों में जांचा गया। इसमें दो प्रतिशत कैडमियम सल्फाइड मिलाकर तैयार सेंसर ने सबसे अच्छा परिणाम दिया।

5000 पीपीएम एथेनॉल की मौजूदगी में 200 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सेंसर ने 59 प्रतिशत तक प्रतिक्रिया दी। वहीं दूसरी गैसों के बीच एथेनॉल को पहचानने की क्षमता 52 प्रतिशत रही। डॉ. राम प्रताप के अनुसार, आसान भाषा में कहें तो सेंसर हवा में मौजूद एथेनॉल को पहचानकर उसकी मौजूदगी का संकेत देगा। इसका इस्तेमाल शराब की जांच के अलावा उन कारखानों में भी किया जा सकता है, जहां एथेनॉल का इस्तेमाल होता है। वहां एथेनॉल गैस के रिसाव का समय रहते पता लगाने में यह मददगार हो सकता है।

सेंसर बनाने के लिए टिन ऑक्साइड में कैडमियम सल्फाइड मिलाया। जांच में दो प्रतिशत कैडमियम सल्फाइड वाला सेंसर सबसे प्रभावी पाया गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तकनीक भविष्य में एथेनॉल की पहचान करने वाले सेंसर को और बेहतर बनाने में उपयोगी हो सकती है। सेंसर की खासियत उसकी सतह में भी है। शोध में अंकित कुमार विश्वकर्मा, अजय कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार प्रिया, माधवी यादव और लल्लन यादव शामिल रहे।

एक लाख लीटर एथेनॉल रोज तैयार करेगा प्लांट

प्रयागराज में जल्द ही एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिलले वाली है। यमुनापार के शंकरगढ़ में स्थापित हो रही महाकौशल डिस्टिलरी में उत्पादन शुरू होने के बाद प्रतिदिन करीब एक लाख लीटर एथेनॉल तैयार किया जाएगा। प्लांट की स्थापना का काम तेजी से चल रहा है और कंपनी की ओर से इसके लिए निर्धारित राशि भी जमा कर दी गई है। अब प्लांट में कुछ उपकरण और संयंत्र लगाए जाने बाकी हैं।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्लांट की स्थापना में कंपनी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि शंकरगढ़ में महाकौशल डिस्टिलरी के प्लांट पर काम चल रहा है। कंपनी की ओर से आवश्यक धनराशि जमा कराई जा चुकी है। प्लांट में कुछ संयंत्र और उपकरण स्थापित किए जाने हैं। इनका काम पूरा होने के बाद उत्पादन शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी इस वर्ष दिसंबर में या अगले वर्ष जनवरी के बीच उत्पादन शुरू कर सकती है। उत्पादन शुरू होने पर प्रतिदिन एक लाख लीटर एथेनॉल तैयार करने की क्षमता होगी। इससे प्रयागराज में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इलाहाबादी अमरूद से तैयार होगी शराब

डिस्टिलरी लगाए जाने के बाद इलाहाबादी अमरूद से शराब तैयार होने की भी उम्मीद है। कुछ डिस्टिलरियों में वहां के फलों से तैयार शराब को तैयार किया जा रहा है। इससे बागवानी को भी बढ़ावा मिला है और स्थानीय रोजगार भी बढ़ा है।

डिस्टिलरी शुरू होने से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

शंकरगढ़ में प्रस्तावित महाकौशल डिस्टिलरी के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। डिस्टिलरी के संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ आसपास के 200 से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है। डिस्टिलरी में उत्पादन शुरू होने के बाद प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। स्थानीय लोगों को प्लांट में विभिन्न कार्यों के साथ परिवहन, आपूर्ति और अन्य सहायक गतिविधियों में भी काम मिलने की संभावना है। इससे शंकरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। प्रशासन की ओर से भी परियोजना से जुड़े कार्यों में जरूरी सहयोग दिया जा रहा है। डिस्टिलरी शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsशराब की असलियत बताएगा सेंसर, हवा में मौजूद एथेनॉल को पहचानने में करेगा मदद