
कमरे में मिली विवाहिता की लहूलुहान लाश, गले में धंसा था चाकू और खून से लिखा था मेरा पति निर्दोष
यूपी के प्रयागराज में संदिग्ध हालात में विवाहिता की कमरे में लहूलुहान लाश मिली। दंपती बारा के लोहगरा बाजार में तीन महीने से किराए पर रह रहा था। महिला के गले में चाकू धंसा मिला। पति ने बताया कि सुबह ड्यूटी पर गया था दोपहर में लौटा तो कमरा अंदर से बंद था।
यूपी में प्रयागराज के बारा थानांतर्गत लोहगरा बाजार में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमरे के अंदर खून से लथपथ शव और गले में धंसा चाकू मिला। तीन महीने से वह अपने पति के साथ किराए का कमरा लेकर रह रही थी। मृतका के पति ने वारदात के समय खुद को ड्यूटी पर होने और पत्नी के आत्महत्या की बात बताई है। हालांकि, मृतका के भाई ने पति, मकान मालिक और ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम को भेजकर आत्महत्या अथवा हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। मृतका के पति व मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

लालापुर थानाक्षेत्र के कचरा निवासी रोहित द्विवेदी की फरवरी 2020 में कौंधियारा के एकौनी गांव निवासी रामजी शुक्ला की बेटी 28 वर्षीय सुषमा द्विवेदी से शादी हुई थी। रोहित पीपीजीसीएल बारा में गार्ड की नौकरी करता है। तीन महीने पहले ही लोहगरा बाजार में संतोष गुप्ता के मकान में किराए पर कमरा लिया था जिसमें पत्नी सुषमा के साथ रह रहा था। रोहित का कहना है कि वह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे ड्यूटी चला गया था। दोपहर में उसकी पत्नी सुषमा ने मोबाइल पर कॉल किया था, लेकिन काम में व्यस्त होने की वजह से वह रिसीव नहीं कर सका। थोड़ी देर बाद रोहित ने सुषमा को कॉल बैक किया, तो फोन नहीं उठा।
इसके बाद रोहित ने मकान मालिक संतोष गुप्ता को फोन किया, तो पता चला कि दरवाजा अंदर से बंद है। अनहोनी की आशंका से रोहित कमरे प र पहुंचा और दरवाजा खटखटाया लेकिन, कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर गया, तो सुषमा के गले में चाकू धंसा था और वह मृत पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बारा थाना पुलिस पहुंच गई। वहीं मृतका के मायका पक्ष के लोग भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के पहले दरवाजा खुला मिला था। शव को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश
रोहित ने बताया कि सुबह ड्यूटी पर जाने के बाद सुषमा और साली से मोबाइल पर कॉफ्रेंस पर बात हुई थी। उस समय सुषमा की बात में किसी तरह का तनाव नहीं दिख रहा था। उसने बताया कि शादी के पांच साल बाद भी संतान नहीं होने से अक्सर कहासुनी होती थी। उसने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले भी सुषमा अपने हाथ की नस काट कर आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। हालांकि, उस समय उसे पर बचा लिया गया था।
भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के भाई रवि शुक्ला ने पति, सास, ससुर, जेठ व जेठानी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने सुषमा की हत्या करने और साजिश में पति के साथ ही मकान मालिक को भी शामिल होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
खून से लिखा था ‘मेरा पति निर्दोष’, गहराया शक
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कमरे के अंदर फर्श पर खून से ‘मैं पागल थी और मेरा पति निर्दोष है, लिखा मिला। जबकि मृतका सुषमा की अंगुली में खून का निशान तक नहीं था। मृतका के दोनों हाथ शरीर के पीछे थे। पुलिस की मानें तो पति रोहित द्विवेदी ने खुद पुलिस को पत्नी सुषमा द्वारा चाकू मारकर आत्महत्या करने की सूचना दी थी।
घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला था। उसने बताया था कि वारदात के समय वह ड्यूटी पर गया था। जबकि दरवाजा खोलकर अंदर जाते समय उसे किसी नहीं देखा। पुलिस की मानें तो मामला पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और अधिक स्पष्ट होगी। एसीपी बारा, कुंजलता ने कहा कि महिला की गले में चाकू धंसा मिला है। पति ने आत्महत्या करने की बात बताई है जबकि, मायका पक्ष ने आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।



