तीन बच्चों के पिता ने की थी 25 साल की लड़की से तीसरी शादी, अब पत्नी की हत्या कर फरार
प्रयागराज में तीन बच्चों के पिता ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। व्यक्ति ने दो साल पहले एक 25 साल की लड़की से तीसरी शादी की थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने अपनी पत्नी के लाठी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

यूपी के प्रयागराज में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। तीन बच्चों के पिता ने 25 साल की लड़की से तीसरी शादी की थी। बताया जा रहा है कि मांडा में घरेलू कलह में मंगलवार सुबह पति ने लाठी से पिटाई कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के समय उसके तीनों बच्चे स्कूल गए थे। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार मांडा थाना क्षेत्र के भौंसरा नरोत्तम ग्राम पंचायत के भैरोपुर गांव निवासी अनिल कुमार गुप्ता ट्रैक्टर मैकेनिक है। अनिल गुप्ता ने करीब दो साल पहले मध्य प्रदेश के सीधी जिले बघौर इमिलिया गांव के बैजनाथ साहू की बेटी 25 वर्षीय मंजू से तीसरी शादी की थी। अनिल की पहली पत्नी की करीब चार साल पहले ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। पहली पत्नी से एक बेटी ओर दो बेटे हैं। जबकि, उसकी दूसरी पत्नी शादी के कुछ महीने बाद ही छोड़कर चली गई थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि अनिल और मंजू की उम्र में काफी अंतर था। मंजू से अभी कोई संतान नहीं हुई थी। अनिल अपनी पत्नी पर शक करता था। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। मंगलवार सुबह तीनों बच्चे स्कूल चले गए थे। दोनों पति और पत्नी के बीच फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पति ने घर में रखी लाठी उठाई और पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। पति ने पत्नी को मरने तक पीटा। महिला की पिटाई के कारण मौत हो गई। वहीं, आस-पड़ोस के लोगों ने लड़ाई-झगड़े और पिटाई की आवाज सुनकर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी।
शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि अनिल अपनी पत्नी की पीटकर हत्या कर चुका था। वहीं, महिला के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को वहीं से हिरासत में ले लिया। घर से ही लाठी भी बरामद कर ली गई। इस बारे में जानकारी देते हुए मांडा थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई राजू साहू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

