Prayagraj Weather: तेज हवा चलने से फिर बदला मौसम, पारा गिरा, सर्दी बढ़ी
- हवा तेज चलने से प्रयागराज के मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। अधिकतम पारा लुढ़का और सर्दी बढ़ गई है। अगले दो दिन और सतही हवा चलने के आसार हैं। तापमान गिरने से सर्दी का प्रभाव भी महसूस होगा।

हवा तेज चलने से प्रयागराज के मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। अधिकतम पारा लुढ़का और सर्दी बढ़ गई है। अगले दो दिन और सतही हवा चलने के आसार हैं। तापमान गिरने से सर्दी का प्रभाव भी महसूस होगा। वहीं, मौसम में उतार-चढ़ाव होने से जुकाम, बुखार और खासी पीड़ितों की संख्या बढ़ी है, जिससे वे इलाज के लिए अस्पताल की ओपीडी में पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को हवाओं और फिर बढ़ रही ठंड का सामना करना पड़ेगा।
पिछले एक सप्ताह से गर्मी के कारण छूट रहे पसीने से बुधवार को राहत मिली। सतही हवाएं चलने से बुधवार को दिन के तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मंगलवार को दिन का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस था। जबकि बुधवार को 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार को न्यूतनम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि बुधवार को 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 31 जनवरी और दो फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया था।
दिन का तापमान बढ़ने से माघ में फाल्गुन मौसम बन गया था। मौसम वैज्ञानिक आकाश मिश्र के अनुसार, आगामी गुरुवार और शुक्रवार को सतही हवाएं चलने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट होगी और हवाएं चलने से ठंड का प्रभाव रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी दिन में तेज सतही हवाएं चलेंगी। हवाओं के कारण महाकुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं को ठंड का अहसास होगा।
तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। इससे एक बार फिर बढ़ती गर्मी में ठंड का अहसास हो रहा है। सुबह-शाम को हवाओं से ठंड ज्यादा बढ़ी। वहीं, दिन में सूर्य के निकलते ही हवाओं की ठंडक कम महसूस हुई। आज संभावना है कि अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।