महाकुंभ में होंगी मलखंब, कबड्डी, कुश्ती प्रतियोगिता, 13 फरवरी तक इन खेलों का होगा प्रदर्शन
- प्रयागराज महाकुंभ में क्रीड़ा भारती की ओर से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके साथ ही इस दौरान खेलों पर सेमिनार व परिचर्चा भी होगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन 6 से 13 फरवरी तक सेक्टर-10 प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र होगा।

प्रयागराज महाकुंभ में क्रीड़ा भारती की ओर से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके साथ ही इस दौरान खेलों पर सेमिनार व परिचर्चा भी होगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन 6 से 13 फरवरी तक सेक्टर-10 प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र होगा। इसमें कबड्डी, मलखंब, कुश्ती और खो-खो बालक/बालिका और महिला/पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता होंगी। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है।
ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. रीनेश मित्तल, मंत्री रोहित ने बताया की कबड्डी प्रतियोगिता 6 से 8 फरवरी तक मलखंब प्रतियोगिता 8-9 फरवरी तक कुश्ती प्रतियोगिता 8-9 फरवरी तक और खो-खो प्रतियोगिता 10 से 12 फरवरी तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर से अलग-अलग प्रदेशों के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
विजेताओं को जूनियर वर्ग में 25 हजार व सीनियर वर्ग में 50 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। खेल मेले के संयोजक सीताराम ने बताया कि ब्रज प्रांत के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, कासगंज, एटा के लोग प्रतियोगिता संपन्न कराने और व्यवस्थाओं के लिए जाएगे। रस्साकशी, वॉलीबाल, पिठ्ठ/कंकड़ फोड़ व गुल्ली-डंडा, आर्चरी, रस्सीकूद आदि का भी प्रदर्शन होगा।
कुश्ती ट्रायल 11 व हॉकी ट्रायल 12 को
17 से 19 फरवरी प्रदेशीय समन्वय सीनियर महिला कुश्ती प्रतियोगिता वाराणसी में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली आगरा मंडल की टीम का जिलास्तरीय ट्रायल 11 फरवरी को सुबह 11 बजे से एकलव्य स्टेडियम में होगा। 19 से 24 फरवरी तक प्रदेशीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता झांसी में होगी।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली आगरा मंडल की टीम का जिलास्तरीय ट्रायल 12 फरवरी को सुबह 11 बजे से एकलव्य स्टेडियम में होगा। ट्रायल में किसी भी आयुवर्ग की महिला खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकती हैं। इच्छुक खिलाड़ी नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, स्वयं व माता-पिता के आधार कार्ड, सीएमओ द्वारा जारी आयु व चिकित्सा प्रमाण पत्र के साथ ट्रायल में पहुंचें।