
माघ मेला में श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, 47 ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले, देखें
प्रयागराज में माघ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने ‘मेला स्पेशल ट्रेनों’ के संचालन का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04293 मुख्य स्नान पर्वों-15 जनवरी (मकर संक्रांति), 18 जनवरी (मौनी अमावस्या), 23 जनवरी (बसंत पंचमी) और 01 फरवरी (माघी पूर्णिमा) को संचालित होगी।
प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने ‘मेला स्पेशल ट्रेनों’ के संचालन का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04293 मुख्य स्नान पर्वों-15 जनवरी (मकर संक्रांति), 18 जनवरी (मौनी अमावस्या), 23 जनवरी (बसंत पंचमी) और 01 फरवरी (माघी पूर्णिमा) को संचालित होगी। यह ट्रेन प्रयाग से रात 8:20 बजे प्रस्थान कर रात 2:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में लखनऊ से प्रयाग के लिए ट्रेन संख्या 04292 का संचालन 17 जनवरी को किया जाएगा, जो दोपहर 2:00 बजे लखनऊ से चलकर रात 7:55 बजे प्रयाग पहुंचेगी। प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रयागराज संगम स्टेशन को यात्रियों के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि प्रत्येक मुख्य स्नान से एक दिन पहले और एक दिन बाद तक इस स्टेशन पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
झूंसी-रामबाग से ऑन डिमांड चलेंगी ट्रेनें: जीएम
माघ मेला के दौरान स्नान पर्वों पर यदि श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है और स्टेशनों पर दबाव बनता है तो झूंसी और रामबाग से ऑन डिमांड ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए विशेष ट्रेनों के रेक पहले से तैयार रखे जाएंगे।
लालगढ़, हमसफर एक्सप्रेस भी सूबेदारगंज से, माघ के दौरान कई प्रमुख ट्रेनों का होगा ठहराव
प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर और लालगढ़ एक्सप्रेस का आज दो जनवरी से प्रयागराज जंक्शन की बजाय अगले 47 दिन 17 फरवरी तक इनका संचालन सूबेदारगंज से होगा। माघ मेला अवधि में दो जनवरी से ट्रेन नंबर 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन की जगह सूबेदारगंज स्टेशन से रात सवा दस बजे चलेगी। इसी तरह 12403 प्रयागराज-लालगढ़ एक्सप्रेस सूबेदारगंज स्टेशन से रात 23:15 बजे चलेगी और वापसी 04:40 बजे सूबेदारगंज स्टेशन पर होगी। 22438 आनंद विहार टर्मिनल-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस सूबेदारगंज स्टेशन से रात साढ़े 12 बजे चलेगी और वापस 06:15 बजे आएगी (12 से 25 जनवरी तक)।
ध्यान देने वाली बात यह है कि अगले दिन प्रस्थान रात 12 बजे के बाद होने व टर्मिनल परिवर्तन के उपरांत सूबेदारगंज से निर्धारित प्रस्थान समय 22:35 होगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 22437/12275 सूबेदारगंज से 22:30बजे के स्थान पर टर्मिनल परिवर्तन के बाद अगले दिन 00:30 बजे प्रस्थान करेगी। उदाहरण के लिए 12275 यात्रा प्रारंभ की तिथि 16 जनवरी 26 सूबेदारगंज से 17 जनवरी को 00:30 बजे प्रस्थान करेगी और इसी तरह आगे भी।
इन ट्रेनों का सूबदारगंज में होगा ठहराव
प्रयागराज जंक्शन की जगह माघ मेला के दौरान 12506-05 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 12324-23 बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12488-87 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी एक्सप्रेस, 12424-23 राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली डिब्रूगढ़, 12306-05 राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली हावड़ा, 12310-09 राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली राजेंद्रनगर, 12301 राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर होगा।
मेला के चलते 47 ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले
माघ मेला के दौरान रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर ट्रेनों के प्लेटफार्म में अस्थायी बदलाव किया है। शुक्रवार दो जनवरी से लागू होने वाली यह व्यवस्था 17 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत प्रयागराज जंक्शन की 38 और छिवकी स्टेशन की नौ ट्रेनों का प्लेटफार्म बदला गया है। प्रयागराज जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों में 14117 प्रयागराज भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस की रवानगी अब प्लेटफार्म नंबर दो से होगी, जबकि वापसी में इसका आगमन प्लेटफार्म नंबर दस पर होगा। प्रयागराज डॉ. अंबेडकरनगर एक्सप्रेस अब प्लेटफार्म नंबर दस से रवाना होगी।
इसके अलावा प्रयागराज अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस का आगमन और प्रस्थान भी प्लेटफार्म नंबर दस से किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, बदली गई ट्रेनों में तेजस राजधानी एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी, ब्रह्मपुत्र मेल, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, पूर्वोत्तर संपर्कक्रांति, गरीब रथ एक्सप्रेस और अनन्या एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। वहीं प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर अजमेर–भागलपुर एक्सप्रेस, दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस, कर्मभूमि एक्सप्रेस, पुणे–सुपौल एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक–पाटलिपुत्र सुपरफास्ट सहित नौ ट्रेनों का प्लेटफार्म बदला गया है।





