
माघ मेला में स्नान के दिन बंद रहेगा संगम स्टेशन, मेला के लिए शुरू होगी हिंडन की फ्लाइट
यूपी के प्रयागराज में माघ मेला में महाकुम्भ की तरह ही यात्रियों की सुविधा के लिए दिशावार ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। प्रयागराज जंक्शन को छोड़कर अन्य रेलवे स्टेशनों से अलग-अलग रूट की ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
यूपी के प्रयागराज में माघ मेला में महाकुम्भ की तरह ही यात्रियों की सुविधा के लिए दिशावार ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। प्रयागराज जंक्शन को छोड़कर अन्य रेलवे स्टेशनों से अलग-अलग रूट की ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जिस रूट की ज्यादा भीड़ होंगी, उस रूट पर ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान प्रयागराज संगम स्टेशन मुख्य स्नान तिथि से एक दिन पूर्व से दो दिन बाद तक बंद रहेगा। इस दौरान संगम स्टेशन से ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। संगम की जगह ट्रेनें प्रयाग जंक्शन से संचालित होंगी। दिशावार परिचालन का मुख्य उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को जिस दिशा में यात्रा करनी हो, उसी अनुरूप नजदीकी एवं उपयुक्त स्टेशन से ही ट्रेन उपलब्ध कराई जा सके।
दिशावार ट्रेनें
- प्रयागराज जंक्शन से कानपुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सतना व झांसी की दिशा में ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
- नैनी स्टेशन से सतना व झांसी की ओर ट्रेनें चलाई जाएंगी।
- छिवकी से मुगलसराय, सतना व झांसी की ओर ट्रेनें चलेंगी।
- प्रयाग एवं फाफामऊ स्टेशनों से अयोध्या, जौनपुर व लखनऊ दिशा के लिए ट्रेनें मिलेंगी।
- झूंसी एवं रामबाग स्टेशनों से पूर्वांचल के लिए ट्रेनें चलेंगी।
मेला के दौरान शुरू होगी हिंडन की फ्लाइट
माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के मद्देनजर प्रयागराज से विमान सेवाओं में इजाफा किया जाएगा। जनवरी से प्रयागराज–हिंडन (गाजियाबाद) के बीच नई फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। यह जानकारी मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित विमानपत्तन सलाहकार समिति की बैठक में दी गई।
बैठक में प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक राजेश चावला ने बताया कि माघ मेला अवधि में हिंडन के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। साथ ही अकासा एयरलाइंस, इंडिगो और एलायंस एयर के प्रतिनिधियों ने नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू होने पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर सहमति जताई। विमानपत्तन सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरलाइंस प्रतिनिधियों ने बताया कि महाकुम्भ के दौरान नाइट लैंडिंग शुरू हुई थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया।
वर्तमान में वायुसेना से रात में उड़ान की अनुमति न मिलने के कारण नई सेवाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं। इस पर वायुसेना की ओर से पहुंचे स्क्वाड्रन लीडर प्रसाद पटवर्धन ने कहा कि वायुसेना का पक्ष रखा। सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि विमानन कंपनियां प्रस्तावित नई उड़ानों की जानकारी एयरपोर्ट निदेशक को दें, ताकि उसे मंत्रालय स्तर तक भेजा जा सके। सभी ने प्रयागराज से बंद हुई विमान सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग की।
बैठक में समिति के सदस्य रवि मोहन मिश्र, मुरारी लाल अग्रवाल, अरुणेंद्र, अनिरुद्ध प्रताप, होटल व्यवसायी इंद्रप्रीत सिंह, एयरपोर्ट सीओ मनीष यादव सहित अकासा, एलायंस एयर और एयरपोर्ट के अधिकारी मुकेश उपाध्याय, श्याम कार्तिक समेत पुलिस, पीडीए, नगर निगम, जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के प्रतिनिध मौजूद रहे।





