
प्रयागराज की ग्राम पंचायतों में 36.63 लाख डुप्लीकेट वोटर! चुनाव से पहले होगा वेरिफिकेशन
यूपी में प्रयागराज मंडल के सभी जिलों की पंचायतों में 36 लाख 63 हजार 279 मतदाता डुप्लीकेट हो सकते हैं। आयोग की ओर से जिलों को सूची भेजकर इसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वास्तविक मतदाता की जानकारी हो सके।
यूपी में प्रयागराज मंडल के सभी जिलों की पंचायतों में 36 लाख 63 हजार 279 मतदाता डुप्लीकेट हो सकते हैं। आयोग की ओर से जिलों को सूची भेजकर इसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वास्तविक मतदाता की जानकारी हो सके। मंडल के चार जिलों की बात की जाए तो सर्वाधिक 14 लाख 14 हजार 36 मतदाता प्रयागराज में हैं। इनके नाम दो या अधिक क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं।
इसके साथ ही 11 लाख 44 हजार 579 मतदाता प्रतापगढ़ में इस श्रेणी में आते हैं। फतेहपुर में सात लाख 93 हजार 295 और कौशाम्बी में तीन लाख 11 हजार 366 वोटर ऐसे हैं। विशेष कार्याधिकारी अखिलेश कुमार मिश्र की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर कहा गया है कि 23 दिसंबर को प्रकाशित अनंतिम सूची में प्रदेश में कुल 57 लाख 67 हजार 410 मतदाता ऐसे थे जिनका नाम दो या अधिक जगह था। इनका नाम अब विलोपित कर दिया गया है। यह सत्यापन खंडवार किया गया था। अब जिले स्तर पर सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है।
ऐसे में जिला स्तर पर सत्यापन कराकर इसकी सूची दी जाए। जिससे अंतिम प्रकाशन में सभी के नाम रहें। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव इसी वर्ष प्रस्तावित है। वर्ष 2021 की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम पिछले वर्ष शुरू हो चुका है। फरवरी मध्य में अंतिम प्रकाशन होना है। ऐसे में जिले में संभावित डुप्लीकेट वोटरों की सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। सहायक निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश बरनवाल ने बताया कि आयोग के निर्देश के बाद आगे काम कराया जाएगा।
6.79 लाख डुप्लीकेट समूह
आयोग की ओर से जारी पत्र में डुप्लीकेट समूह भी जारी किए गए हैं, जिसमें लोगों के नाम के साथ लिंग, आयु, माता-पिता आदि मिलते हुए दिख रहे हैं। मंडल के चार जिलों में इनकी संख्या छह लाख 79 हजार 730 है। प्रयागराज में तीन लाख 42 हजार 141, प्रतापगढ़ में दो लाख 70 हजार 637, फतेहपुर में दो लाख 10 हजार 953 व कौशाम्बी मे 99 हजार 569 समूह ऐसे हैं, जिनके एक होने की आशंका है।





