माफिया अतीक अहमद के करीबियों ने 100 से ज्यादा जमीन कब्जा कर बेची, चचेरे भाई समेत 10 पर केस

संवाददाता, प्रयागराज
share

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के करीबियों ने 100 से ज्यादा जमीन कब्जा कर बेच दी। मामले में अतीक के चचेरे भाई समेत 10 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। जमीनों के बैनामे और खातेदारी में गड़बड़ियों की जानकारी मिली।

Atiq ahmed
अतीक अहमद गैंग का एक और कारनाम आया सामने

यूपी के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के काले धन से धूमनगंज और पूरामुफ्ती क्षेत्र में जमीनें खरीदने, खरीदे गए हिस्से से अधिक जमीन का फर्जी बैनामा कराने और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। रसूलपुर मरियाडीह निवासी शाह फैसल ने मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त नगर से की। शिकायत पर पुलिस उपायुक्त के आदेश पर मोहम्मद जैद खालिद, जसीम अहमद, जाफर अहमद, मोहम्मद राशिद उर्फ नीलू, मुमताज अहमद, राहिल सिद्दीकी, महमूद अख्तर, अबु जैद, धीरेंद्र प्रताप सिंह और मोहम्मद दानिश व कुछ अज्ञात के खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोंगहट, बमरौली, रसूलपुर मरियाडीह और रसूलपुर काशीपुर में उनकी पुश्तैनी जमीन है। आरोप है कि पिछले छह महीने में कई बार उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जे का प्रयास किया गया। उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कब्जे के प्रयास रुकवाए। इसके बाद राजस्व अभिलेखों की जांच कराने पर उन्हें जमीनों के बैनामे और खातेदारी में गड़बड़ियों की जानकारी मिली।

आरोप है कि संबंधित लोगों ने अपने और अपने साथियों के नाम पर करीब सौ से अधिक भूखंडों का बैनामा कराया। इसके बाद खरीदे गए हिस्से से अधिक जमीन का फर्जी बैनामा कराकर नामांतरण और खतौनी में नाम दर्ज कराए। इस प्रक्रिया के जरिए ग्रामसभा, बंजर, नाला और निजी जमीनों पर कब्जा किया गया। शिकायतकर्ता ने मामले में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है।

संपत्तियों की जांच की उठाई गई मांग

शाह फैसल ने शिकायत में मोहम्मद राशिद उर्फ नीलू को अतीक अहमद के चाचा का बेटा बताते हुए आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों का माफिया से पुराना संपर्क था। शिकायतकर्ता ने अतीक और मोहम्मद जैद खालिद के बीच बातचीत की ऑडियो क्लिप का भी जिक्र किया है। इसमें रसूलपुर काशीपुर की जमीन और लाल बंगले की संपत्ति को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित संपत्तियों के क्रय-विक्रय, बैंक खातों और रुपये के लेनदेन की जांच कराने की मांग की है।

बेटे को दान कर दी वक्फ संपत्ति, पिता-पुत्र पर मुकदमा

चारू चंद्र मित्रा रोड स्थित ईदगाह की वक्फ संपत्ति को पंजीकृत दानपत्र के जरिए बेटे के नाम करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल प्रार्थना पत्र के आधार पर की गई है। करैलाबाग निवासी निसार अहमद खां ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की वक्फ संख्या 3058 की इंतजामिया कमेटी के सचिव हैं।

उनके मुताबिक मौजा शहराराबाग स्थित नौ बिस्वा जमीन वर्षों से ईदगाह के रूप में दर्ज है। यह संपत्ति नगर निगम के अभिलेखों में भी चारू चंद्र मित्रा रोड स्थित ईदगाह के रूप में दर्ज है। आरोप है कि मोहम्मद शोएब फारूकी ने उक्त वक्फ संपत्ति अपने बेटे उमर फारूकी के नाम 24 सितंबर 2022 को पंजीकृत दानपत्र के माध्यम से कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने 16 मार्च 2026 को पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग की थी।

मामला आईजीआरएस के जरिए कोतवाली पुलिस को भेजा गया, लेकिन पुलिस ने इसे संपत्ति विवाद बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। उसने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद अदालत जाना पड़ा। निसार अहमद का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए गलत हलफनामे और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर वक्फ संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से दानपत्र तैयार कराया।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअतीक के करीबियों ने 100 से ज्यादा जमीन कब्जा कर बेची, चचेरे भाई समेत 10 पर केस