BJP बनाम CJP; पीडीए की बात करने वाले सपा चीफ अखिलेश यादव का क्या इशारा, 'कॉकरोच' बनेगा सहारा?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर BJP बनाम CJP लिखकर एक नया राजनीतिक सस्पेंस पैदा कर दिया है। अब तक भाजपा के मुकाबले के लिए PDA का नारा देने वाले अखिलेश के इस नए संक्षिप्त शब्द के इशारे समझने की कोशिश हो रही है।

BJP बनाम CJP; पीडीए की बात करने वाले अखिलेश यादव का क्या इशारा, 'क्राकरोच' बनेगा सहारा?

उत्तर प्रदेश की सियासत में सोशल मीडिया के जरिए नैरेटिव सेट करने की जंग एक नए दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर केवल तीन शब्दों "BJP बनाम CJP" का एक बेहद संक्षिप्त पोस्ट साझा किया है। उनके इस महज तीन शब्दों के पोस्ट ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कयासों का बाजार गर्मा दिया है। BJP बनाम PDA की बातें करने वाले अखिलेश का BJP बनाम CJP लिखना कई चर्चाओं को जन्म दे गया है। पिछले पांच दिनों में ही सोशल मीडिया में CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) छा गई है। अब लोग अखिलेश के इशारों को समझने की कोशिश में लग गए हैं।

दरअसल, 'CJP' कोई गंभीर राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा खड़ा किया गया एक बेहद चर्चित सटायर (व्यंग्य) ग्रुप है। इसे बनाने वालों के अनुसार 'CJP' का जन्म देश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं पर हुए एक हालिया घटनाक्रम और तीखी टिप्पणियों के बाद एक डिजिटल सटायर (मजाक) के रूप में हुआ है। इसके बाद देश के बेरोजगार युवाओं और छात्रों ने सोशल मीडिया पर इस काल्पनिक 'कॉकरोच जनता पार्टी' को एक बड़ा डिजिटल आंदोलन बना दिया। इसने देखते ही देखते इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। महज पांच दिनों के भीतर ही इस व्यंग्यात्मक हैंडल के फॉलोअर्स की संख्या 10 मिलियन (एक करोड़) को पार कर गई। इतनी जल्दी ऐसी लोकप्रियता ने मुख्यधारा के राजनीतिक दलों को भी हैरान कर दिया है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटे अखिलेश यादव ने इस डिजिटल हवा को भांपते हुए तुरंत इसे लपक लिया। सपा का मानना है कि यूपी में इस समय पेपर लीक, नीट (NEET) परीक्षा विवाद और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की कथित अनदेखी को लेकर युवा वर्ग और छात्रों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। अखिलेश यादव ने "BJP बनाम CJP" लिखकर सीधे तौर पर यह संदेश देने की कोशिश की है कि देश का युवा अब इस व्यंग्यात्मक अंदाज में सत्तापक्ष की नीतियों के खिलाफ लामबंद हो रहा है।

'पीड़ा' और 'पीडीए' से आगे डिजिटल वॉर

अखिलेश यादव लगातार कहते रहे हैं कि "जहां भाजपा है वहां पीड़ा है, और जहां पीड़ा है वहां पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) है।" लेकिन अब अपनी रैलियों से इतर डिजिटल दुनिया में बीजेपी के मजबूत आईटी सेल को पटखनी देने के लिए उन्होंने युवाओं के इस 'CJP' नैरेटिव को अपना समर्थन दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तीन शब्द के ट्वीट के जरिए अखिलेश ने बिना कोई लंबा भाषण दिए, देश और प्रदेश के करोड़ों बेरोजगार युवाओं की नाराजगी को सीधे भाजपा के सामने एक चुनौती के रूप में खड़ा कर दिया है।

फिलहाल, 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम पर विपक्ष सरकार की डिजिटल घेराबंदी करने की कोशिश में जुट गया है। सीजेपी सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड भी कर रही है। इसका दायरा बढ़ रहा है और विपक्षी पार्टियां इसे हाथों हाथ ले रही हैं। अखिलेश यादव के भी इसी को लेकर पोस्ट ने सियासी दुनिया में हलचल बढ़ा दी है। उनकी रणनीति को समझने की कोशिश हो रही है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।