सरकार बनते जातीय जनगणना कराएंगे, 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण देंगेः अखिलेश यादव

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर 'पीडीए' का आरक्षण लूटने का बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश ने 'संविधान बचाओ-आरक्षण बचाओ' नारे के साथ 'PDA ऑडिट अंक-1' नामक पुस्तक जारी की, जिसमें उन्होंने 22 सरकारी भर्तियों में 11,514 पदों के आरक्षण घोटाले का डेटा पेश किया है।

सरकार बनते जातीय जनगणना कराएंगे, 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण देंगेः अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के आरक्षण को लूटने का आरोप लगाया है। 'संविधान बचाओ-आरक्षण बचाओ' के नारे के साथ अखिलेश यादव ने 'PDA ऑडिट अंक-1' नाम से एक आरोप पत्र और लाल रंग की पुस्तक जारी की, जिसे उन्होंने 'पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक' का नाम दिया। अखिलेश ने बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही पहले 90 दिनों के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी और 69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को उनका पूरा आरक्षण दिया जाएगा।

22 सरकारी भर्तियों में 11,514 पदों की लूट का डेटा पेश किया

प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने आंकड़ों की 'लाल किताब' दिखाते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार में कुल 22 सरकारी भर्तियों में आरक्षण की भारी गड़बड़ी की गई है, जिसके जरिए पिछड़ों और दलितों के कुल 11,514 पदों की लूट हुई है। उन्होंने विशेष रूप से 69,000 सहायक शिक्षक भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि इस अकेले भर्ती में ओबीसी (OBC) वर्ग का 23.14 प्रतिशत और एससी (SC) वर्ग का 4.8 प्रतिशत आरक्षण लूटा गया है, जो कुल मिलाकर 7,933 पदों की बड़ी डकैती है। अखिलेश ने कहा कि आरक्षण कोई भिक्षा नहीं बल्कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया अधिकार है। अगर भाजपा को लगता है कि हमारे आंकड़े गलत हैं, तो वह खुद सही डेटा सार्वजनिक करे।

Voice of UP

लेटरल एंट्री के जरिए अपनों को बैठा रही सरकार

सपा सुप्रीमो ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने में लगी है। सरकार सीधे तौर पर लेटरल एंट्री (बिना परीक्षा सीधी नियुक्ति) देकर अपने चहेते लोगों को महत्वपूर्ण और शीर्ष प्रशासनिक पदों पर बैठा रही है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब युवाओं को न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़े, तो साफ है कि सरकार पक्षपाती है, और जो सरकार पक्षपाती है, वह जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। सरकार जानबूझकर बजट खर्च नहीं कर रही है ताकि युवाओं को नौकरी न देनी पड़े।

हर गांव तक पहुंचेगी 'आरक्षण घोटाला पुस्तक', बदलेगी रणनीति

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नया चुनावी मंत्र देते हुए कहा कि अगर हम आगामी चुनावों में हर बूथ पर सिर्फ पांच नए वोट भी बढ़ा लेंगे तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी आगामी एक हफ्ते के भीतर इस 'आरक्षण घोटाला पुस्तक' को सूबे के हर गांव और हर घर तक पहुंचाएगी, जिसके बाद इस ऑडिट का दूसरा अंक भी जारी किया जाएगा।

भाजपा पर मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बहस को मोड़ना कोई भाजपा से सीखे, यही वजह है कि वे अब 2024 के नतीजों का जिक्र तक नहीं करते। अंत में हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अब वे मीडियाकर्मियों की किसी बात को दिल पर नहीं लेंगे और उन्हें कोई ठेस नहीं पहुंचाएंगे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।