यूपी पुलिस ने मनचलों को सिखाया सबक, लड़कियों के सामने कान पकड़कर लगवाई उठक-बैठक
लखीमपुर खीरी के निघासन में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों का मोहल्ले में जुलूस निकाला, जहां वे कान पकड़कर माफी मांगते और उठक-बैठक लगाते दिखे। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 296 में केस दर्ज किया गया है।

लखीमपुर खीरी में लड़क़ियों को देखकर अभद्र टिप्पणी करना चार युवकों को भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर निघासन कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का उनके मोहल्ले में जुलूस निकाला। इस दौरान चारों युवक कान पकड़कर माफी मांगते और उठक-बैठक लगाते नजर आए। आरोपियों ने पुलिस से कहा कि सर, दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।
मनचलों को पुलिस ने सिखाया सबक
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मामला निघासन कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने का है। आरोप है कि चार युवक वहां से गुजरने वाली महिलाओं को देखकर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। साथ ही अश्लील भाषा का प्रयोग भी किया जा रहा था। महिलाओं की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को पकड़ लिया।
कान पकड़कर लगाई उठक-बैठक
पुलिस ने आरोपियों की पहचान करन जोशी, सौरभ जोशी, रवि मिश्रा निवासी थाना निघासन के रूप में की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों का जुलूस निकाले जाने का वीडियो सामने आया है। इसमें चारों युवक कान पकड़कर चलते हुए माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वे उठक-बैठक लगाकर दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा रही।
बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। इसके अलावा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों का चालान न्यायालय उपजिला मजिस्ट्रेट निघासन के समक्ष भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्रता, अश्लील टिप्पणी या किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी

