
बेअंदाज दरोगा ने ट्रैफिक SI को की कुचलने की कोशिश, डीसीपी से भी भिड़ा; अभद्रता की
यूपी के लखनऊ में नए साल के जश्न के दौरान कार सवार बेअंदाज दरोगा सौम्य जायसवाल ने ट्रैफिक दरोगा को कुचलने की कोशिश की। इस दोरान दरोगा डीसीपी से भी भिड़ गया। दरोगा ने डीसीपी से अभद्रता की।
राजधानी लखनऊ में हजरतगंज चौराहे पर नए साल के जश्न के दौरान बुधवार रात नशे में धुत कार सवार बेअंदाज दरोगा सौम्य जायसवाल ने ट्रैफिक दरोगा को कुचलने का प्रयास किया। जब ट्रैफिक दरोगा ने कार का पीछा किया तो उसने कई पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने की कोशिश की। कार से निकलते ही नशे में धुत दरोगा ने डीसीपी अपराध से भी अभद्रता की। बवाल बढ़ता देख उसे तत्काल कोतवाली ले जाया गया। चालान किया गया। निलंबन के लिए बाराबंकी पुलिस को पत्र लिखा।
नए साल के जश्न के दौरान बुधवार देर रात करीब करीब एक बजे हजरतगंज चौराहे पर यातातात का दबाव था। ट्रैफिक कंट्रोल रूम के दरोगा आशुतोष त्रिपाठी ट्रैफिक संचालन कर रहे थे। इस बीच रोवर्स की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार सवार को दरोगा आशुतोष त्रिपाठी ने रोकने का प्रयास किया। कार में बाराबंकी पुलिस लाइन का दरोगा सौम्य जायसवाल अपने साथियों के साथ बैठा था। सौम्य ही गाड़ी चला रहा था। सौम्य ने कार रोकने के बचाए उसकी रफ्तार बढ़ा दी। कई पुलिस कर्मी कुचलते बचे। ट्रैफिक दरोगा आशुतोष कार में बोनट पर आ गए। कार रुकते ही डीसीपी अपराध, एसीपी और अन्य पुलिस कर्मी कार की ओर दौड़े। कार से निकला सौम्य पुलिस पर अकड़ दिखाने लगा। डीसीपी से भी भिड़ गया।
डीसीपी ने डपटा तब शांत हुआ। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसीपी ने कार की चाभी मांगी तो वह टाल मटोल करने लगा। बड़ी मुश्किल से चाभी दी। चाभी लेकर जब कार खोली गई तो उसमें पांच से छह शराब की बोतलें मिली। शराब की भीषण दुर्गंध दरोगा के मुंह से आ रही थी। पुलिस ने दरोगा सौम्य को थाने भेजा। मेडिकल कराया गया। एसीपी ने बताया कि मेडिकल में सौम्य के शराब पीने की पुष्टि हुई। उसका नशे में गाड़ी चलाने का चालान किया गया।





