
एंटी करप्शन के शिकंजे में दरोगा, हाथ में जैसे ही पकड़ी रिश्वत की रकम; टीम ने धर दबोचा
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक दरोगा पर कार्रवाई हुई है। एक दरोगा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दरोगा एक मुकदमे से नाम निकलवाने के एवज में पीड़ित से घूस मांग रहा था।
यूपी के मऊ जिले में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हलधरपुर थाने में तैनात एक दरोगा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दरोगा एक मुकदमे से नाम निकलवाने के एवज में पीड़ित से घूस मांग रहा था। धृतेश के मुताबिक हलधरपुर थाने में तैनात एसआई अजय सिंह थाने में दर्ज एक मुकदमे में नाम निकलवाने के एवज में 20 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा है।

हलधरपुर थाना क्षेत्र के छिछोर गांव निवासी धृतेश कुमार उर्फ बबलू ने एंटी करप्शन टीम से घूस मांगने की शिकायत की थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर दरोगा एक चाय की दुकान पर पहुंचा, जहां पहले से निगरानी कर रही टीम ने उसे रिश्वत की रकम हाथ में लेते ही दबोच लिया। एंटी करप्शन अधिकारियों ने मौके से रुपये बरामद कर लिए और दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दरोगा ने पीड़ित से बार-बार रुपये की मांग की थी और न देने पर केस में फंसाने की धमकी भी दी थी।
पुलिस विभाग में हड़कंप
एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तारी के बाद दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को आरोपी दरोगा को गोरखपुर की एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया गया। इंस्पेक्टर हरिवंश कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी दरोगा अजय सिंह प्रयागराज जनपद के थरवई थाना क्षेत्र के मलाका का निवासी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी पुलिसकर्मी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।





