यूपी पुलिस भर्ती में लगा ही दी सेंध, बिना परीक्षा दिए ही बन गया सिपाही, चिट्ठी ने किया भंडाफोड़
यूपी में तमाम कोशिशों के बाद भी पुलिस भर्ती परीक्षा में एक युवक ने सेंध लगा ही दी। खुद परीक्षा नहीं दी। अपनी जगह दोस्त को एग्जाम दिलाया और खुद सिपाही बन गया। अब एक चिट्ठी ने पूरे मामले को खोल दिया है।

यूपी पुलिस भर्ती प्रक्रिया की कड़ी सुरक्षा और पहचान सत्यापन में एक युवक ने सेंध लगा ही दी। पूरी व्यवस्था को चकमा देकर युवक ने परीक्षा नहीं दी और सिपाही भी बन गया। मामला आगरा के मुकुल का है। उसने अपनी जगह दोस्त रामरूप को परीक्षा में बैठा दिया। आरोप है कि रामरूप ने मुकुल के नाम पर लिखित परीक्षा से लेकर दस्तावेज सत्यापन और अन्य प्रक्रिया पूरी कर दी। भर्ती में सफल होने के बाद मुकुल ने विभाग में नियुक्ति हासिल कर ली और मेरठ पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षी के रूप में ट्रेनिंग भी लेने लगा।
इसी दौरान ही पहुंची एक चिट्ठी ने भर्ती प्रक्रिया में हुए इस फर्जीवाड़े की पोल खोल दी। शिकायत पर हुई विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि हुई। भर्ती रिकॉर्ड में लगे फोटो, फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक जांच में गड़बड़ी सामने आई। मुकुल और रामरूप के शारीरिक एवं चिकित्सकीय परीक्षण से जुड़े विवरणों में भी अंतर पाया गया। जांच के बाद दोनों के खिलाफ थाना सिविल लाइन आरटीसी प्रभारी इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह की तरफ से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।
फोटो बदला, पहचान भी बदली
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट मुकुल पुत्र पप्पूराम निवासी महाराजपुर, थाना निबोहरा, आगरा के खिलाफ कुछ माह पहले पुलिस अधीक्षक और सीओ पुलिस लाइन को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मुकुल ने पुलिस भर्ती में अपनी जगह रामरूप पुत्र किशनचंद निषाद निवासी शाहबेद नरी का पुरा, निबोहरा, आगरा को परीक्षा में बैठाया था। शिकायत के साथ मुकुल का वास्तविक फोटो भी उपलब्ध कराया गया था। आरोप था कि प्रवेश पत्र समेत भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों पर मुकुल के बजाय रामरूप के फोटो का इस्तेमाल किया गया।
जांच की भनक लगी तो ट्रेनिंग छोड़ भागा
जांच आगे बढ़ने के बीच मुकुल पुलिस लाइन मेरठ से फरार हो गया। एसपी यातायात ने जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर आरटीसी प्रभारी की ओर से मुकुल और रामरूप के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पूरी प्रक्रिया पर ही उठे सवाल
इस एक मामले में पुलिस भर्ती और अन्य भर्तियों की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर शिकायती पत्र न मिलता तो इस फर्जीवाड़े का पता भी नहीं चलता। भले ही पुलिस अधिकारी इस एक उदाहरण न मानें लेकिन इस तरह का फर्जीवाड़ा अन्य जगहों पर भी होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।

