
यूपी पुलिस का इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन के बिछाए जाल फंसे
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस का इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। इंस्पेक्टर पर आरोप है कि बिजली चोरी के एक मामले में पिता पुत्र को जमानत देने के बदले वह रिश्वत ले रहे थे।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एंटी करप्शन टीम ने बिछाए जाल में इंस्पेक्टर फंस गए। एंटी करप्शन ने मंगलवार को एंटी पावर थेफ्ट थाना के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार यादव को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि बिजली चोरी के एक मामले में पिता पुत्र को जमानत देने के बदले वह रिश्वत ले रहे थे।
एंटी करप्शन को जानकारी मिली कि थाना के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार यादव ने रिश्वत की मांग की है। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। एंटी करप्शन के जाल में प्रभारी निरीक्षक फंस गए। एंटी करप्शन ने प्रभारी निरीक्षक को रिश्वत लेते ही पकड़ लिया। सिविल लाइंस क्षेत्र में सर्किट हाउस के सामने स्थित एंटी पावर थेफ्ट थाने में मंगलवार दोपहर यह कार्रवाई की गई। टीम उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले गई है। एंटी करप्शन रिपोर्ट दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई कर रही है। एंटी करप्शन के इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
लखीमपुर में रेंजर और वन दरोगा पकड़े गए
इससे पहले यूपी के लखीमपुर जिले में भी रेजर और वन दरोगा की गिरफ्तारी हो चुकी है। निघासन रेंज ऑफिस में एंटी करप्शन की टीम ने छापा मारा। टीम ने रेंजर गजेंद्र सिंह और वन दरोगा जगदीश वर्मा को पकड़ लिया। टीम दोनों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। आसपास के किसी थाने में लेकर नहीं गई है टीम। अब तक साफ नहीं हुआ कि टीम शिकायकर्ता और वन कर्मियों को लेकर कहां गई है।





