
राजस्थान के पशु तस्करों से यूपी पुलिस का एनकाउंटर, दो को लगी गोली; चार गिरफ्तार
संक्षेप: रात में पुलिस की गश्त चल रही थी कि तभी मुखबिर से सूचना मिली कि फाजिलपुर के जंगलों में पशु तस्करों द्वारा गोवंश को जुटाया जा रहा है। सूचना पाकर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। तस्कर, पुलिस को देखते ही फायरिंग करने लगे। फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए।
UP Police Encounter: यूपी पुलिस की राजस्थान के पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम फाजिलपुर के जंगलों में यह एनकाउंटर हुआ है। चार तस्कर गोवंश को तस्करी के लिए जुटा रहे थे।स सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की। तस्करों ने सरेंडर करने की बजाए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग के दौरान दो तस्करों की टांगों में गोली लगी और वे गिर पड़े। मौके से भाग रहे दो अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल तस्करों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुधवार की सुबह एसपी ग्रामीण राहुल मिठास में बताया कि थाना प्रभारी घिरोर अनुज चौहान और थाना प्रभारी औंछा छत्रपाल सिंह रात में गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि फाजिलपुर के जंगलों में पशु तस्करों द्वारा गोवंश को एकत्रित किया जा रहा है। सूचना पाकर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तो तस्कर पुलिस को देखते ही फायरिंग करने लगे। फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए।
पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान दो तस्करों की टांगों में गोलियां लगी। जिससे वे घायल हो गए। गोली लगने से घायल हुए बदमाशों ने अपने नाम बाबूलाल पुत्र हजारीलाल निवासी गोबासरिया बावड़ी बस्ती थाना अनंतपुरा कोटा, शंकर पुत्र गोरू लाल निवासी शांतिनगर रानूपुर जनपद कोटा बताएं। पुलिस ने मौके से भाग रहे मुकेश पुत्र मेंबर निवासी धनेसर थाना डाबी जनपद बूंदी कोटा तथा 23 वर्षीय अजय पुत्र मुन्ना निवासी कर्मकापुरा कोटा को भी गिरफ्तार किया है।
घिरोर थाने में दर्ज हुआ है मुकदमा
एसपी ग्रामीण ने बताया मौके से 74 गोवंश को मुक्त कराया गया है पकड़े गए बदमाशों से दो तमंचे, 5 कारतूस तथा रस्सी, चाकू मिले हैं। इन तस्करों का बड़ा आपराधिक इतिहास है। यह राजस्थान से मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद आकर तस्करी करते हैं। पशु क्रूरता अधिनियम और पशु तस्करी अधिनियम की धाराओं में घिरोर पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।





