
यूपी पंचायत चुनाव की तैयारी मिशन मोड पर करें, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं से बोलीं
UP Panchayat elections: यूपी पंचायत चुनाव को अनुप्रिया पटेल ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मिशन मोड पर पंचायत चुनाव की तैयारी करने का आह्वान किया है।
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मिशन मोड पर पंचायत चुनाव की तैयारी करने का आह्वान किया है। अनुप्रिया पटेल मंगलवार को लखनऊ में पंचायत चुनाव की तैयारियों पर पार्टी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहीं थी।
इस दौरान अनुप्रिया ने निचले स्तर से शीर्ष स्तर तक पूरी तरह सक्रिय, अनुशासित एवं निर्णायक रूप से सशक्त बनाने मंत्र दिए और कहा कि पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए जनसंवाद कार्यक्रम, चौपाल बैठकों, प्रशिक्षण शिविरों व घर-घर संपर्क अभियानों पर पूरा ध्यान केन्द्रित करना होगा। साथ ही सभी पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में जनसमस्याओं को मजबूती से उठाना होगा और उसका त्वरित समाधान भी कराना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन पदों से नहीं, समर्पित कार्यकर्ताओं से बनता है। चुनावों में जीत तभी सम्भव होती है जब हर कार्यकर्ता मैदान में उतरकर जनता के बीच मजबूती से खड़ा दिखाई देता है। इसलिए सभी प्रकोष्ठों को सशक्त बनाकर जन-आंदोलनों से जोड़ना होगा और बूथ कमेटियों का भी नए सिरे से पुनर्गठन करना होगा। बैठक में जिलेवार संगठनात्मक संरचना की गहन समीक्षा की गई। प्रत्येक जिले व विधानसभा स्तर से जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा संगठनात्मक गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम ने कहा कि संगठन की ताकत ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। पंचायत चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष एवं संकल्प के साथ मैदान में उतरना होगा। इस दौरान श्री जाटव ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी पूरी शक्ति, अनुशासन एवं मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ मैदान में उतरेगी और प्रदेश भर में जनता की सशक्त आवाज बनकर विजयी संघर्ष को नई दिशा देगी। बैठक में संगठनात्मक रूप से कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल विस्तार एवं मजबूती के लिए ठोस रणनीति पर भी विचार किया गया। साथ ही आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जिला स्तरीय सम्मेलनों, चौपाल संवाद अभियानों एवं बूथ बैठकों की विस्तृत रूपरेखा तय कर सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट कार्य-दायित्व सौंपे गए। बैठक में पार्टी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल भी मौजूद थे।





