विधानसभा के बाद यूपी पंचायत चुनाव के होने के आसार, प्रधानों का बढ़ेगा कार्यकाल या प्रशासक बैठेंगे?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा के बाद पंचायत चुनाव के होने के आसार जताए जा रहे हैं। यूपी पंचायत चुनाव में देरी होने पर या तो कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है या फिर प्रशासक बैठाए जा सकते हैं।

UP Panchayat election: यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख पांचवीं बार आगे बढ़ा दी गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 10 जून को होगा। इससे विधानसभा चुनाव के बाद ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। पंचायत चुनाव में देरी होने पर या तो कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है या फिर प्रशासक बैठाए जा सकते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 22 अप्रैल को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ाने का आदेश शनिवार को जारी कर दिया है। मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण का काम 21 अप्रैल से 28 मई तक होगा। मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग व राज्य मतदाता क्रमांक का आवंटन 29 मई से 9 जून तक होगा और फिर 10 जून को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 23 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी। अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीखें पहले 15 जनवरी और फिर 6 फरवरी, 28 मार्च, 15 अप्रैल व 22 अप्रैल घोषित हुईं और आगे बढ़ती रहीं। अब फिर इसे बढ़ाया गया है। अनंतिम मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 40.19 लाख अधिक हैं। इस पर आयोग ने दावे और आपंत्तियां मांगे थे। प्रदेश भर से लाखों आपत्तियां मिलीं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मामला हाईकोर्ट में चल रहा है।
बार-बार अंतिम मतदाता सूची जारी करने की डेट भी बढ़ाई जा रही
उधर] अभी तक राज्य सरकार की ओर से समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग भी नहीं गठित किया है। ऐसे में आयोग गठन के बाद ओबीसी आरक्षण तय करने में ही कम से कम तीन महीने का समय लगेगा। बार-बार अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख भी बढ़ाई जा रही है। ऐसे में ग्राम पंचायत प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो जाएगा। अभी जो स्थिति है उससे आगे जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 11 जुलाई और क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई को खत्म हो रहा है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन में देरी होने से पंचायत चुनाव विधानसभा चुनावों के बाद कराए जाने के आसार नजर आ रहे हैं।
पद -------------- -----प्रथम बैठक---------- कार्यकाल खत्म
ग्राम पंचायत प्रधान ---27 मई 2021--------- 26 मई 2026
जिला पंचायत अध्यक्ष -12 जुलाई 2021--- 11 जुलाई 2026
क्षेत्र पंचायत प्रमुख -----20 जुलाई 2021---19 जुलाई 2026
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें

