दाढ़ी रखने, जूड़ा न बनाने पर जुर्माना, यूपी के प्रतिष्ठित संस्थान में कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी में लखनऊ के प्रतिष्ठित लोहिया संस्थान में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। अब जूड़ा न बनाने वाली महिला कर्मियों और दाढ़ी रखने वाले पुरुष कर्मियों पर 200 रुपये का जुर्माना लगेगा।

दाढ़ी रखने, जूड़ा न बनाने पर जुर्माना, यूपी के प्रतिष्ठित संस्थान में कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश

यूपी की राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में अनुशासन और कार्यशैली को सुधारने के नाम पर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए एक बेहद सख्त और अनोखा आदेश जारी किया गया है। संस्थान प्रशासन के निर्देशों पर आउटसोर्सिंग एजेंसी के कैंप मैनेजर की ओर से जारी इस नए फरमान के तहत अब कर्मचारियों के पहनावे से लेकर उनकी शारीरिक बनावट (ग्रूमिंग) तक पर जुर्माना तय कर दिया गया है।

जूड़ा और दाढ़ी पर 200 रुपये का दंड

संस्थान में कार्यरत करीब 4000 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए जारी आदेश में कहा गया है कि महिला कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बालों का जूड़ा बनाना या हेयरनेट पहनना अनिवार्य होगा। यदि कोई महिला कर्मचारी इसका उल्लंघन करती पाई जाती है, तो उसे 200 रुपये का जुर्माना भरना होगा। इसी तरह, पुरुष कर्मचारियों के लिए भी सख्त नियम बनाए गए हैं। अब पुरुष कर्मी ड्यूटी पर लंबी दाढ़ी या लंबे बाल नहीं रख सकेंगे। ऐसा करने पर उन्हें भी 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना देना होगा।

Voice of UP

वर्दी और आई कार्ड न होने पर भी वसूली

जुर्माने की सूची यहीं खत्म नहीं होती। ड्यूटी के दौरान आई कार्ड या नेम प्लेट न पहनने पर 100 रुपये और निर्धारित वर्दी (यूनिफॉर्म) न पहनने पर 200 रुपये प्रतिदिन की वसूली की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से संस्थान की छवि बेहतर होगी और मरीजों के बीच कर्मचारियों की पहचान आसान हो सकेगी।

नशे और भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस'

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के दौरान सोना, धूम्रपान करना या शराब का सेवन करना अक्षम्य अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों से 500 रुपये की वसूली की जाएगी। इसके अलावा, यदि कोई कर्मचारी अवैध या अनुचित तरीके अपनाते हुए किसी भी प्रकार के भ्रष्ट आचरण या पैसों के लेन-देन में लिप्त पाया जाता है, तो उसे तुरंत सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

लापरवाही और अनुपस्थिति पर भारी जुर्माना

संस्थान ने बिना सूचना गायब रहने वाले कर्मचारियों पर भी नकेल कसी है। बिना अनुमति परिसर छोड़ने या अनुपस्थित रहने पर 500 रुपये का जुर्माना तय किया गया है। वहीं, बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर होने वाले कर्मचारियों को 2000 रुपये तक का भारी जुर्माना अदा करना होगा। आउटसोर्सिंग एजेंसी के इस कड़े रुख से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं संस्थान का दावा है कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कर्मचारियों का अनुशासित रहना अनिवार्य है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।