काम की बात: राजधानी लखनऊ में प्लाट लेने का मौका, प्राइम लोकेशन पर फ्लैट और दुकानें भी ले सकेंगे, जानिए प्रक्रिया
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने राजधानी के प्राइम लोकेशन पर मकान और दुकान का सपना देख रहे लोगों के लिए ई-नीलामी (E-Auction) शुरू की है। विभिन्न इलाकों में 149 आवासीय भूखंड, 50 से अधिक व्यावसायिक दुकानें और कई फ्लैट्स नीलामी के लिए उपलब्ध हैं।

UP News: अगर आप राजधानी लखनऊ में प्राइम लोकेशन पर अपना मकान बनाना चाह रहे हैं तो लखनऊ विकास प्राधिकरण सुनहरा अवसर लेकर आया है। एलडीए ने इस बार गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज योजना के 149 आवासीय भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाये हैं। 25 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन भूखण्डों को लोग ई-नीलामी में बोली लगाकर ले सकेंगे। इसके साथ ही रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर फ्लैट और गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट व कानपुर रोड योजना में दुकानें भी ले सकेंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर 28 मई तक के लिए ई-ऑक्शन पोर्टल खोला गया है। इस बार के ई-ऑक्शन में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की कुल 475 सम्पत्तियां लगायी गयी हैं। इच्छुक आवेदक संपत्ति के आरक्षित मूल्य की 10 प्रतिशत बयाना राशि जमा कराकर ई-ऑक्शन में प्रतिभाग कर सकेंगे।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-6 में लैंड ऑडिट के माध्यम से कब्जामुक्त करायी गयी भूमि पर 12 आवासीय भूखण्ड नियोजित किये गये हैं। 112 वर्गमीटर से 225 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन भूखण्डों की आरक्षित दर 36,000 रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गयी है। लगभग 40 लाख से 82 लाख रुपये कीमत के इन भूखण्डों को लोग ई-नीलामी में बोली लगाकर खरीद सकेंगे।
अनंत नगर में शैक्षणिक संस्थान के भूखण्ड
अनंत नगर योजना को एडु सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एलडीए ने पहल कर दी है। इसके तहत योजना में नव सृजित शैक्षणिक संस्थान के लिए आरक्षित 09 भूखण्डों को इस बार के ई-ऑक्शन में लगाया गया है। बसंतकुंज व कानपुर रोड योजना में भी स्कूल भूखण्ड नीलामी में प्रस्तुत किये गये हैं।
रिफा-ए-आम के पास बनेगी ग्रुप हाउसिंग
इस बार के ई-ऑक्शन में रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 04 भूखण्ड लगाये गये हैं। इन भूखण्डों की बिक्री होने से वजीरगंज क्षेत्र में बहुमंजिला अपार्टमेंट बनेंगे। जिससे घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। विस्तार के सेक्टर-7 में ग्रुप हाउसिंग के 02 नये भूखण्ड भी लगाये गये हैं।
फ्लैट व दुकानें भी ले सकेंगे लोग
गोमती नगर, बालागंज, चौक, कंचन मार्केट व कानपुर रोड योजना में निरस्तीकरण से रिक्त 50 से अधिक व्यावसायिक दुकानों, चबूतरों को भी ई-नीलामी में लगाया गया है। यह सभी दुकानें प्राइम लोकेशन पर हैं और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए काफी उपयुक्त साबित होंगी। ग्रीनवुड, सतलज, सरयू एवं वनस्थली अपार्टमेंट, गोमती नगर स्थित नेहरू इन्क्लेव व सुलभ आवास के भवनों को भी लोग नीलामी में ले सकेंगे।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


