लखनऊ में भाजपा मुख्यालय को लेकर नया मोड़, सेवा न्यास ने लौटाई जमीन, अब ऐसे होगा निर्माण
लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय के निर्माण को लेकर एक नया मोड़ आया है। दीनदयाल उपाध्याय सेवा न्यास ने मुख्यालय के लिए आवंटित 5500 वर्ग मीटर जमीन नगर निगम को वापस लौटा दी है।

राजधानी लखनऊ में बनने वाले भाजपा प्रदेश मुख्यालय की जमीन को लेकर बड़ा मोड़ आ गया है। जियामऊ स्थित जिस भूखंड पर पहले सीधे निर्माण की योजना थी, अब वह पूरी तरह नए फॉर्मूले के तहत आगे बढ़ेगी। बुधवार को नगर निगम सदन ने अहम फैसला लेते हुए जमीन को दीनदयाल उपाध्याय न्यास से वापस लेने और उसे जिलाधिकारी सर्किल रेट पर लखनऊ विकास प्राधिकरण को बेचने का प्रस्ताव पास कर दिया।
दरअसल, यह जमीन पहले दीनदयाल उपाध्याय सेवा न्यास को दी गई थी, लेकिन न्यास ने अचानक इसे लौटाने का निर्णय लिया। 7 अप्रैल को न्यास के सदस्य कृष्ण कुमार दीक्षित ने नगर निगम को पत्र लिखकर बजट की कमी के चलते निर्माण में असमर्थता जताई और जमीन वापस करने की बात कही। इसके बाद पूरी प्रक्रिया ने नया मोड़ ले लिया।
सीधे नहीं, अब एलडीए के माध्यम से होगा जमीन हस्तांतरण
नगर निगम ने 22 सितंबर 2020 को करीब 5500 वर्ग मीटर जमीन 90 साल की लीज पर सेवा न्यास को दी थी। जनवरी 2026 में इसे फ्रीहोल्ड करने का प्रस्ताव भी पास हुआ था, ताकि यहां भाजपा का प्रदेश मुख्यालय बन सके। लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत पहले यह जमीन नगर निगम से एलडीए को बेची जाएगी और फिर एलडीए इसे आगे हस्तांतरित करेगा।
सूत्रों के मुताबिक, एलडीए इस जमीन को भारतीय जनता पार्टी को बेच सकता है, जिससे मुख्यालय निर्माण का रास्ता साफ होगा। इस नई प्रक्रिया को इसलिए अपनाया गया है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक अड़चन न आए।
तेजी से बदली घटनाएं, 2 दिन में तय हुआ रास्ता
न्यास द्वारा जमीन लौटाने के ठीक दो दिन बाद, 9 अप्रैल को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने नगर आयुक्त गौरव कुमार को पत्र लिखकर जमीन एलडीए को देने का प्रस्ताव रखा। साथ ही सर्किल रेट के अनुसार भुगतान करने की सहमति भी जताई गई। इसके बाद बुधवार को सदन से प्रस्ताव पास होते ही प्रक्रिया लगभग तय हो गई। अब जिया मऊ के खसरा संख्या 196 की यह जमीन जल्द ही एलडीए के अधिकार में आ सकती है।
पीएम आवास योजना के लिए भी मांगी गई जमीन
इसी बीच एलडीए ने नगर निगम से अन्य स्थानों की जमीन भी मांगी है। बाघामऊ, सरोजिनी नगर के हरिहरपुर, कल्ली पश्चिम और अतरौली में करीब 80 हजार वर्ग मीटर जमीन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए मांगी गई है। इन जमीनों पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे और यह जमीन एलडीए को मुफ्त में दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


