UP News Live: मेडिकल छात्रा ने किया सुसाइड, बंगाल में फिर गजरे सीएम योगी, ममता पर साधा निशाना

UP News Live: महिला आरक्षण बिल पास न होने पर अपर्णा यादव ने सपा-कांग्रेस का झंडा जलाया। उन्होंने कहा कि - नारी शक्ति इन्हें माफ नहीं करेगी। कानपुर में एक मेडिकल छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बंगाल पहुंचे सीएम योगी ने एक बार फिर ममता बनर्जी पर निशाना साधा।

UP News Live: मेडिकल छात्रा ने किया सुसाइड, बंगाल में फिर गजरे सीएम योगी, ममता पर साधा निशाना

cm yogi in bengal

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ |
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

UP News Live: संसद में महिला आरक्षण बिल पारित न हो पाने को लेकर बीजेपी नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने विधानभवन के सामने सपा और कांग्रेस का झंडा जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। कानपुर के मंधना स्थित महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज में बीडीएस के फाइनल इयर की छात्रा नाजिया हसन ने गूबा गार्डन स्थित अलका हॉस्पिटल के पीछे हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कल दिशा की बैठक में शामिल होंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को महाराजगंज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष रविवार की शाम को महराजगंज पहुंच जाएंगे। उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। बैठक के दौरान लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर रहेगा। जनहित से जुड़े मुद्दों जैसे सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की स्थिति का विस्तृत आंकलन किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंच सके। बैठक को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Share

आधी आबादी को हक नहीं देना चाहते विपक्षी दल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहन-बेटियों के लिए लोकसभा व विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण 2029 में लागू करने का संशोधन विधेयक संसद में प्रस्तुत किया, लेकिन कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सपा व वामपंथियों ने इसे पास नहीं होने दिया। ये लोग आधी आबादी को उसका हक नहीं देना चाहते, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों की पैरोकारी करते हैं। बंगाल में मुसलमानों का नाम मतदाता सूची में चढ़े और वे गरीबों के हक पर डकैती डाल सकें, तृणमूल सरकार का यही काम है। आखिर यह कब तक चलेगा। नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को गिराने से आधी आबादी का अपमान हुआ है। देश की बहन-बेटियां इसे कतई स्वीकार नहीं कर सकती हैं।

‘ममता बनर्जी सिंहासन खाली करो, बीजेपी आ रही है’, बंगाल की धरती पर फिर गरजे सीएम योगी

Share

मां-बेटी से छेड़छाड़ करने वाले पूर्व मंत्री के बेटे समेत दो को जेल भेजे

मुजफ्फरनगर शहर में मां-बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों में आर्यमान रघुवंशी पुत्र सुधीर बालियान और शौर्य गुप्ता पुत्र मनीष गुप्ता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए नई मंडी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

क्या रेट है तुम्हारा...घर के बाहर खड़ी मां-बेटी से छेड़खानी, पूर्व मंत्री के बेटे समेत दो को जेल

Share

अयोध्या में चढ़ा पारा ,स्कूलों में समय परिवर्तन की कांग्रेस ने उठाई मांग

अयोध्या में कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप के कारण स्कूली बच्चों के विद्यालय समय परिवर्तन की मांग की है।

उन्होंने जिला अधिकारी को भेजे गए मेल में कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। वर्तमान समय में विद्यालयों का संचालन दोपहर 2 बजे तक होने से छोटे-छोटे बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके लिए जोखिमपूर्ण है।

महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम ने जिला अधिकारी से विद्यालयों के समय में बदलाव करने की मांग की है। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया जाए।

Share

दो किशोरियां के गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज

अम्बेडकरनगर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने बताया कि उनकी लगभग 16 वर्षीय पुत्री बीते 13 अप्रैल को दिन में घर से बाजार जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पिता का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उनकी पुत्री को कहीं ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

Share

ट्रक चालक की अचानक मौत,हृदयगति रुकने से की आशंका

रामगंज थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार सुबह एक ट्रक चालक की अचानक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चालक कच्चा माल लेकर कंपनी पहुंचा था। सुबह करीब साढ़े 7 बजे गाड़ी खड़ी कर वह शौच के लिए उतरा, लेकिन कुछ ही कदम चलने के बाद अचानक अचेत होकर गिर पड़ा।

सहयोगी रामकुमार उर्फ राजू ने तुरंत चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय नरेंद्र जाटव पुत्र निहाल सिंह, निवासी रुहेरी थाना हाथरस गेट जिला हाथरस के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर हृदयगति रुकने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है।

सूचना पर पहुंची रामगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Share

सड़क पर खड़ी कार हटाने को बोला तो दबंगों ने पीटा

अमेठी के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सड़क पर खड़ी कार को रास्ते से हटाने के लिए कहने पर कार सवार दबंगों ने जमकर पीटा। पीड़ित की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कपूरीपुर गांव निवासी शुभ तिवारी बीते शुक्रवार की शाम किसी काम से अपनी कार से जगदीशपुर बाजार आया था। देर शाम लगभग आठ बजे वह वापस घर लौट रहा था। जायस मोड़ के पास सड़क पर कार खड़ी कर कुछ लोग बातचीत कर रहे थे। कुछ देर इंतजार करने के बाद जब युवकों ने कार नहीं हटाई तो शुभ ने उन्हें कार सड़क से हटाकर रास्ता देने के लिए कहा। इसी बात से नाराज होकर युवक आगबबूला हो गए और शुभ की लात घूंसो से पिटाई शुरू कर दी।

Share

एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए मॉकड्रिल किया गया

अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन एजेंसियों के बीच समन्वय, तत्परता एवं प्रतिक्रिया क्षमता को परखने का अभ्यास किया गया। अयोध्या एयरपोर्ट के सिटी साइड क्षेत्र में एक डमी आतंकी हमले पर आधारित मॉकड्रिल रहा।

Share

फर्जी ई-टिकट से विदेश भेजने के नाम पर ठगी, 4 लाख हड़पे,मुकदमा दर्ज

अयोध्या में कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के दराबगंज गांव के दो युवकों से कजाकिस्तान भेजने के नाम पर फर्जी ई-टिकट देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना सब इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश को सौंप दी गई है।

पीड़ित अजीम हयात व अब्दुल अजीम का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को एयरलाइन से जुड़ा बताकर विदेश भेजने का झांसा दिया। इंडिगो एयरलाइंस से टिकट कराने का भरोसा दिलाते हुए उनसे गूगल पे व नकद मिलाकर करीब चार लाख रुपये वसूल लिए गए। बताया गया कि 3 दिसंबर 2024 की फ्लाइट का ई-टिकट देकर दोनों को दिल्ली बुलाया गया, लेकिन एयरपोर्ट पर जांच के दौरान टिकट फर्जी निकला।

Share

सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, मचा कोहराम

गोंडा में दतौली मोतीगंज मार्ग पर राजापुर परसौरा के पास शुक्रवार रात 9:30 बजे निमंत्रण में जा रहे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों की हादसे मौत हो गई। दिनारा के रहने वाले प्रमोद तिवारी उर्फ पप्पू व नीरज शुक्ला की बाइक राजापुर परसौरा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गढ्ढे में गिर गए। , हादसे में मौके पर ही प्रमोद की मौत हो गई जबकि नीरज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि देर रात दोनों युवक राजगढ़ में स्थित एक तिलक समारोह में जा रहे थे। गांव के बबलू श्रीवास्तव के बेटे का मैरिज हॉल में तिलक समारोह का कार्यक्रम था। उसी में दोनों युवक हिस्सा लेने जा रहे थे। घटना की जानकारी होते ही परिजनों दुख का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों फौरन मेडिकल कालेज भिजवाया।

Share

मुंशीगंज-एम्स संपर्क मार्ग पर लगा भीषण जाम, घंटों फंसी रही एम्बुलेंस

रायबरेली के भदोखर ब्लॉक में एम्स-मुंशीगंज संपर्क मार्ग पर शनिवार को भीषण जाम लग गया। इसमें जहां एम्स के कर्मचारी फंसे रहे, वहीं एक एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका। आसपास के लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जाम की समस्या अब आम हो गई है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इसपर ध्यान नहीं दे रहे।

एम्स-मुंशीगंज सम्पर्क मार्ग पर आये दिन जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। शनिवार को जाम में फंसे राहगीर अनिकेश साहू, अक्षत तिवारी, शुभम शर्मा आदि ने बताया कि मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग स्थित क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते यहां ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। यह रास्ता संकरा होने के चलते यहां अक्सर जाम लग जाता है। इसमें कई बार एम्स के कर्मचारी और एंबुलेंस भी फंस जाती है।

Share

ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के कंदरावां में क्रेन ने महिला को कुचला

रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के खरौली मार्ग पर क्रेन की चपेट में आने से अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसके साथ ही क्रेन को कब्जे में लिया है। जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

क्षेत्र के गांव कंदरावा निवासी राम पाल की 52 वर्षीय अधेड़ पत्नी सुबह भोर में पूजा करने जा रही थी। इसी दौरान खरौली की तरफ से आ रही क्रेन ने सड़क पर ही उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कई फीट दूर जाकर गिरी।

Share

किशोर की संदिग्ध हालत में मौत

गोंडा में विरतिहा गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व गांव का सरजू प्रसाद ( 17) को उसके दो साथी सालपुर दवा लेने के लिए बुला कर ले गए थे। शाम तक जब घर नहीं आए तो परिजनों ने खोजना चालू किया तो दोस्तों के द्वारा बताया गया कि वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोर को साथ ले गए युवकों ने मारा पीटा गया है। उसकी मारपीट में चोटे आने से मौत हुई है। परिजनों ने कहा कि सरजू प्रसाद के पूरे शरीर में सिर्फ चोट के ही निशान पाये गये हैं। वहीं वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामभवन पासवान ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत भमैचा के विरतिहा गाँव निवासी एक युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

Share

भूमि विवाद में मारपीट, चार पर मुकदमा

सुलतानपुर में दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कूम्ही टेकुवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दलित परिवार के साथ मारपीट व जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गांव निवासी गुड्डू प्रसाद ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 25 नवंबर 2025 को गांव के ही विनोद कुमार, अखिलेश कुमार अपने साथ अनुराग सिंह व आदित्य सिंह को लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर आरोपियों ने गुड्डू प्रसाद की माता मीरा देवी को लात-घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं बहन रीता व नीलम को भी पीटा गया। बताया गया कि एक आरोपी के हाथ में कुल्हाड़ी भी थी।

Share

सास ने बहू और परिजनों पर दर्ज कराया केस, मारपीट, तोड़फोड़ का आरोप

दोस्तपुर थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव की रहने वाली सुदामा देवी ने अपनी बहू व उसके मायके पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर थाना दोस्तपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है।

शिकायत के अनुसार, सुदामा देवी के पुत्र अरुण कुमार पाल की शादी 7 मई 2023 को सविता पाल पुत्री जियालाल निवासी ग्राम नैली, पोस्ट लारपुर, थाना सम्मनपुर, जनपद अंबेडकरनगर के साथ हुई थी।

आरोप है कि 2 अक्टूबर 2024 को सविता पाल मायके चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। काफी प्रयास के बाद भी जब वह नहीं आई तो अरुण कुमार पाल ने न्यायालय में विदाई के लिए वाद दायर किया, जिसमें वह हाजिर नहीं हुई और मामला निस्तारित हो गया। इसके बाद तलाक का मुकदमा भी दायर किया गया।

Share

बाइक से गांव आ रहे युवकों पर बाघ ने किया हमला, घायल

बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज के अमृतपुर पुरैना गांव में शुक्रवार रात आठ बजे हमलावर बाघ ने बाइक सवार युवकों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाघ का हमला होते ही ग्रामीण दौड़े। हांका लगाते हुए पटाखे दाग कर बाघ को जंगल में खदेड़ा। तब जाकर युवकों की जान बची। गंभीरावस्था में घायलों को एंबुलेंस से मोतीपुर सीएचसी लाए जाने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

Share

संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत, हत्या की आशंका

सुल्तानपुर के भदैया देहात कोतवाली क्षेत्र के रामपुर हनुमानगंज गांव में शनिवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गया प्रसाद (45) पुत्र राम अजोर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अविवाहित था और शराब पीने का आदी था। उसका शव गांव के एक खेत में पड़ा मिला, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही देहात कोतवाल धर्मवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

Share

राहुल गांधी के मुकदमे में सुनवाई फिर टली

गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जारी मानहानि केस की सुनवाई फिर टल गई है। याची के वकील सन्तोष पाण्डेय ने शुक्रवार को मौका लिया जिस पर सुलतानपुर में एमपी - एमएलए कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने सुनवाई 22 अप्रैल को सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।

राहुल की वायस रिकार्डिंग को विधि विज्ञान प्रयोगशाला से सत्यापित कराने की मांग पर सुनवाई में मुकदमा कई तारीखों से लम्बित है। कर्नाटक के बंगलूरू में आठ मई 2018 को एक जनसभा के दौरान केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में भाजपा नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी के खिलाफ चार अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दायर किया था।

Share

महिला आरक्षण बिल पास न होने से नाराज अपर्णा यादव ने सपा-कांग्रेस का झंडा जलाया

संसद में महिला आरक्षण बिल पारित न हो पाने को लेकर सियासत गर्मा गई है। बीजेपी नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने विधानभवन के सामने सपा और कांग्रेस का झंडा जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होने कहा कि नारी शक्ति इन्हें कभी माफ नहीं करेगी

पूरी खबर यहां पढ़ें: अपर्णा यादव ने सपा-कांग्रेस का झंडा जलाया; बोलीं- नारी शक्ति इन्हें माफ नहीं करेगी

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तर प्रदेशUP News Live: मेडिकल छात्रा ने किया सुसाइड, बंगाल में फिर गजरे सीएम योगी, ममता पर साधा निशाना