24 घंटे में कर देंगे लड़के का कत्ल, प्रेम प्रसंग में जहर देकर हत्या, सात के खिलाफ केस दर्ज

हिन्दुस्तान टीम, मुजफ्फरनगर
share

मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग में एक युवक की जहर देकर हत्या कर दी गई। मामले में सात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दिन में मारपीट के बाद जहर देने का आरोप है। देर रात अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते पड़ोसियों ने जहरीला पदार्थ पिलाया।

Poison
जहर देकर युवक की हत्या

मुजफ्फरनगर/मीरापुर, हिन्दुस्तान टीम। यूपी में मीरापुर कस्बे के मोहल्ला सरायगेट में प्रेम प्रसंग के चलते युवक के ऐलानिया कत्ल का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट के बाद जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के घर के बाहर और थाने में शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कस्बे के मोहल्ला सरायगेट निवासी मोनू की मंगलवार दोपहर पड़ोसी हर्ष और उसके भाइयों से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। मृतक के चाचा सोनू कश्यप का आरोप है कि नानखटाई की ठेली पर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग एकत्र होकर हाथों में ईंट लेकर मोनू के घर पहुंचे, मोनू ने घर में छिपकर जान बचाई। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उसे 24 घंटे के भीतर कत्ल करने की धमकी दी थी।

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात आरोपियों ने मोनू को पकड़कर जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिला दिया, वह खतौली रोड पर कोल्ड स्टोर के पास मिला। बदहवास हालत में मोनू ने अपनी चचेरी बहन को फोन कर जहर दिए जाने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे डॉक्टर के पास ले गए, गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मोनू की मौत हो गई।

आरोपियों के घर के बाहर रखा शव, थाने में जमकर हंगामा

बुधवार सुबह करीब चार बजे परिजन मोनू का शव लेकर मीरापुर पहुंचे और आरोपियों के घर के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और कस्बा इंचार्ज ओमेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव नहीं उठाने की बात कही। इंस्पेक्टर ने काफी समझाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद सैकड़ों लोगों के साथ परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए और थाने के गेट पर शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने बिना आरोपियों की गिरफ्तारी के अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी हर्ष के पिता सतीश को हिरासत में लेकर थाने बैठाते हुए अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद कई घंटे चला हंगामा शांत हुआ और परिजन शव लेकर चले गए। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में मोनू का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

सीओ ऋषिका सिंह भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से वार्ता कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मृतक के पिता मुन्ना की तहरीर पर पुलिस ने हर्ष, तुषार, मंगलसैन, अक्षय, ललित, चिराग और राजन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मोहल्ले में पुलिस तैनात

मोहल्ला सरायगेट में मोनू की मौत के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। मृतक और नामजद आरोपियों के घर आसपास ही हैं। ऐसे में दोबारा विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क है। सुरक्षा की दृष्टि से मृतक के घर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक की चचेरी बहन पूजा और चचेरे भाई मनीष ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले भी आरोपियों ने मोनू की हथौड़े से पिटाई की थी। उनका आरोप है कि इससे पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट की जा चुकी थी। परिजनों ने पुराने विवादों का हवाला देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच किसी नए विवाद की आशंका को देखते हुए स्थिति पर नजर रखे हुए है।

प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों में पहले से चल रहा विवाद

मोनू की मौत के मामले में परिजनों ने विवाद की वजह प्रेम प्रसंग बताया है। परिजनों का कहना है कि मोनू का नाम आरोपियों के परिवार की एक युवती से जुड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले युवती ने फोन करके मोनू को कोटद्वार बुलाया था। आरोप है कि वहां भी उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया था। मंगलवार को हुई कहासुनी के बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। हालांकि प्रेम प्रसंग और कोटद्वार में मारपीट से जुड़े आरोपों की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP News24 घंटे में कर देंगे लड़के का कत्ल…. प्रेम प्रसंग में जहर देकर हत्या