मैं चाहूं तो तुझे अभी मार दूं...बस्ते में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा छात्र, भरी क्लास में साथी पर चलाई गोली
यूपी के मुजफ्फरनगर में एक छात्र बस्ते में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा। इसके बाद उसने क्लास में साथी पर गोली चला दी। तीन दिन पहले हुई मारपीट का बदलना लेने को 12वीं के छात्र ने दुस्साहसिक कदम उठाया।

यूपी के मुजफ्फरनगर में जानसठ रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में गुरुवार को हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। 12वीं के छात्र ने क्लास रूम में पहुंचकर वहां पढ़ाई कर रहे अपने साथी छात्र पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली मिस हो गई और छात्र बाल-बाल बच गया। अचानक हुई घटना से क्लास रूम में भगदड़ मच गई। क्लास से बाहर आए छात्रों ने शोर मचाया तो प्रधानाचार्य ने आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपी छात्र ने प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्र के अलावा दूसरे छात्र को भी हिरासत में लिया है।
बताया गया है कि आरोपी छात्र पर तीन दिन पहले हमला हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए वह तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचा था। प्रधानाचार्य की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। कुन्द-कुन्द जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को क्लास चल रही थीं। इसी दौरान 12वीं का छात्र बैग लेकर कॉलेज पहुंचा। गेट पर गार्ड ने उसे रोककर देरी से आने का कारण पूछा तो उसने कहा कि चोट लगी है, इसलिए देरी हो गई। गार्ड ने उसे कॉलेज के अंदर भेज दिया। क्लास रूम में पहुंचते ही छात्र ने बैग से तमंचा निकाल कर क्लास में मौजूद एक छात्र पर गोली चला दी, जो मिस हो गई। इसके बाद आरोपी छात्र ने दूसरी गोली जमीन पर मारकर धमकी दी कि मैं चाहूं तो तुझे अभी गोली मार दूं।
क्लास में गोली चलते ही अफरातफरी मच गई। क्लास रूम में मौजूद छात्र बाहर निकलकर भागे और शोर मचा दिया। शोर सुनकर दौड़े प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने प्रधानाचार्य के सीने पर भी तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दे डाली। वहीं, दूसरी ओर, कॉलेज के अंदर गोली चलने की आवाज सुनकर गार्ड ने गेट बंद कर दिया।
पुलिस भी कॉलेज में पहुंच गई और आरोपी छात्र को तमंचे समेत पकड़ लिया। कॉलेज में आरोपी छात्र से पूछताछ की गई। पुलिस ने उस छात्र को भी पकड़ लिया जिस पर गोली चलाई गई थी। कोतवाली लाकर दोनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि तीन दिन पहले आरोपी छात्र पर दूसरे छात्र के गुट ने हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गया था। इस घटना की तहरीर पुलिस चौकी में दी गई, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने पर छात्र तमंचा लेकर दूसरे छात्र को जान से मारने की नीयत से क्लास रूम में पहुंचा था। प्रधानाचार्य की ओर से कोतवाली में आरोपी छात्र के विरूद्व तहरीर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल दिनेश बघेल का कहना है कि आरोपी छात्र शेखपुरा का रहने वाला है। रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया गया है। वही दूसरे छात्र को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। आरोपी छात्र के पास से पुलिस ने तमंचा-कारतूस बरामद किया है। वहीं, प्रधानाचार्य अनुराग जैन का कहना है कि छात्र ने क्लास रूम में गोली चलाई, रोकने का प्रयास किया तो मुझ पर भी तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। पुलिस में तहरीर दी गई है।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
गुरुवार को इंटर कॉलेज में छात्र पर तमंचे से गोली चलाने वाला आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। बताया गया है कि करीब दो साल पूर्व कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी जिसमें कई आरोपी जेल गए थे उसमें आरोपी शामिल था। उस हत्याकांड में आरोपी कई महीने तक जेल में भी रहा था। उस दौरान आरोपी छात्र का हाईस्कूल का पेपर पुलिस कि कड़ी सुरक्षा में कॉलेज में कराया गया था।

