महाकुंभ के लिए अब दौड़ेंगी 24 कोचों की ट्रेनें, मुरादाबाद से लेकर हरिद्वार-देहरादून तक तैयारी
महाकुंभ-2027 के लिए रेलवे स्टेशन की क्षमता का विस्तार करते हुए जल्द ही यहां से 24 कोचों वाली लंबी एलएचबी ट्रेनों के संचालन की तैयारी है। मुरादाबाद से लेकर हरिद्वार व देहरादून तक हर बड़े स्टेशन पर प्लेटफॉर्म मोडीफाई करने की दिशा में भी काम आने वाले दिनों में शुरू कर देंगे।

आगामी महाकुंभ-2027 और उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे पर्यटन के दबाव को देखते हुए उत्तर रेलवे ने देहरादून और हरिद्वार के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर मास्टर प्लान तैयार किया है। इस रणनीतिक योजना के तहत देहरादून रेलवे स्टेशन की क्षमता का विस्तार करते हुए जल्द ही यहां से 24 कोचों वाली लंबी एलएचबी ट्रेनों के संचालन की तैयारी है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय ने मंगलवार को देहरादून स्टेशन के निरीक्षण और मुरादाबाद रेल मंडल के आला अधिकारियों के साथ इस संबंध में विस्तार से चर्चा की। जल्द ही दून की पटरियों पर 24 कोचों की ट्रेनें दौड़ती नजर आएंगी।
भौगोलिक और तकनीकी सीमाओं के चलते देहरादून रेलवे स्टेशन से अधिकांश ट्रेनों में महज 14 से 18 कोच (औसत 16 कोच) का ही संचालन हो पा रहा है। पीक सीजन और चारधाम यात्रा के दौरान यह क्षमता बेहद कम साबित होती है। मुरादाबाद रेल मंडल देहरादून स्टेशन के प्लेटफॉर्म और लूप लाइनों की लंबाई बढ़ाने की तकनीकी व्यवहार्यता पर काम कर रहा है। 24 कोचों की फुल-लेंथ ट्रेनें चलने से प्रति ट्रेन यात्रियों की क्षमता में सीधे 25 से 30 फीसदी का इजाफा होगा, जिससे त्योहारों और पर्यटन सीजन में लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझते मुसाफिरों को बड़ी राहत मिलेगी।
हर्रावाला बनेगा दून का ‘सैटेलाइट स्टेशन’, यार्ड रीमॉडलिंग पूरी
देहरादून मुख्य स्टेशन पर बढ़ते यातायात के दबाव को बांटने के लिए रेलवे ने ‘हर्रावाला स्टेशन’ को एक अत्याधुनिक सैटेलाइट टर्मिनल के रूप में विकसित करने का मास्टर प्लान बनाया है। मंडल के इंजीनियरों ने हर्रावाला में यार्ड रीमॉडलिंग के काम को करीब-करीब पूरा कर लिया है, जिससे यह स्टेशन भी 24 कोच की ट्रेनों को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। भविष्य की योजना यह है कि देहरादून आने-जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन और टर्मिनेशन हर्रावाला से ही किया जाएगा। खास बात यह है कि हर्रावाला को पूरी तरह दिव्यांगजन फ्रेंडली (सुगम्य) सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जा रहा है।
दो दर्जन से अधिक ट्रेनें होती हैं संचालित
देहरादून से वर्तमान में दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें संचालित हो रही हैं। 24 कोचों की व्यवस्था होने से यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा प्लेटफार्म को लंबा करने की तैयारियों पर काम शुरू करा दिया गया है। ज्यादा कोचों के संचालित होने से वेटिंग भी कम होगी साथ ही अतिरिक्त कोच लगाने की दिक्कतों से बचा भी जा सकेगा।
अपग्रेड किए जा रहे रेलवे स्टेशन
कुंभ 2027 के मद्देनजर हरिद्वार और देहरादून स्टेनश पर यात्री प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज और स्वच्छता व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।
मुरादाबाद मंडल (उत्तर रेलवे), सीनियर डीसीएम, महेश यादव ने कहा कि 24 कोचों की ट्रेन देहरादून से चलाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। 22 से 24 कोचों की ट्रेन के लिए मुरादाबाद से लेकर हर बड़े स्टेशन पर प्लेटफॉर्म मोडीफाई करने की दिशा में भी काम आने वाले दिनों में शुरू कर देंगे। हरिद्वार व देहरादून स्टेशन पर कुंभ को लेकर भी काफी काम किए जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

