
मारपीट का बदला लेने को बेरहमी से की थी हत्या, पुलिस ने 5 किए गिरफ्तार, अन्य फरार
यूपी में मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सोमवार रात रामेश्वर कालोनी निवासी प्रिंस चौहान की गोली मारकर और पीट कर हत्या कर दी गई थी। 24 घंटे बाद ही पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने उसके साथी मंयक गुर्जर, मोहन, भीम सैनी, उसके भाई अर्जुन सैनी और यश सैनी को गिरफ्तार किया।
यूपी में मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सोमवार रात रामेश्वर कालोनी निवासी प्रिंस चौहान की गोली मारकर और पीट कर हत्या कर दी गई थी। 24 घंटे बाद ही पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने उसके साथी मंयक गुर्जर, मोहन, भीम सैनी, उसके भाई अर्जुन सैनी और यश सैनी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार अगस्त में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस मामले में दो नामजद और अन्य अज्ञात आरोपी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
थाना मझोला के लाइनपार रामेश्वर कालोनी एफसीआई गोदाम के पास रहने वाला प्रिंस चौहान(24 वर्ष) अभी पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात करीब आठ बजे प्रिंस चौहान को उसका दोस्त मयंक गुर्जर बुलाकर चिड़िया टोला ले गया था। उसी दौरान प्रिंस के साथ मारपीट कर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले में प्रिंस चौहान के पिता जगपाल सिंह ने मयंक गुर्जर, प्रशांत सैनी, अभी खत्री, मोहन, यश सैनी, भीम सैनी, अर्जुन सैनी समेत सात नामजद और छह-सात अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कराया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम ने इस मामले में नामजद आरोपी मझोला के रेलवे साउथ कालोनी निवासी मयंक गुर्जर, हनुमाननगर निवासी मोहन, शिवाजी नगर निवासी भीम सैनी व उसके भाई अर्जुन सैनी और लाइनपार लक्ष्मीनगर माता मंदिर के पास रहने वाले यश सैनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 22 अगस्त 2025 को आरोपी अर्जुन सैनी के साथ प्रिंस चौहान और उसके चार-पांच दोस्तों ने मारपीट कर दी थी। आरोपी अर्जुन और उसके भाई भीम ने बताया कि उसी दिन से दोनों भाई प्रिंस चौहान को सबक सिखाने के फिराक में थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में फंसी मिली गोली
मंगलवार दोपहर दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें डॉ. इंतखाब आलम और डॉ. आशीष कुमार सिंह शामिल रहे। पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्सरे कराया गया, जिसमें सीने के पास 315 बोर की गोली फंसी हुई मिली। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के अनुसार प्रिंस चौहान को पीठ की ओर से गोली मारी गई, जो फेफड़े को चीरते हुए हार्ट के पास जाकर फंस गई थी।





