Hindi NewsUP NewsUP Moradabad Hindu College Student Droused with petrol Set on Fire condition Serious
हिंदू कॉलेज में एक और वारदात, छात्र पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

हिंदू कॉलेज में एक और वारदात, छात्र पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

संक्षेप:

मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में गुरुवार दोपहर बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा देकर कमरे से बाहर निकले छात्र फरहाद अली पर एक अन्य छात्र आरुष उर्फ अनुराग ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कॉलेज कैंपस में दिनदहाड़े हुई इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई।

Jan 09, 2026 01:27 pm ISTSrishti Kunj वरिष्ठ संवाददाता, मुरादाबाद
share Share
Follow Us on

मुरादाबाद में कोतवाली क्षेत्र के हिंदू कॉलेज में गुरुवार दोपहर बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा देकर कमरे से बाहर निकले छात्र फरहाद अली पर एक अन्य छात्र आरुष उर्फ अनुराग ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कॉलेज कैंपस में दिनदहाड़े हुई इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई। झुलसे छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला निवासी ई-रिक्शा चालक नवाब अली का बड़ा बेटा फरहाद अली(21 वर्ष) कॉलेज के कमरा नंबर 51 में पेपर देने के बाद अपने दोस्तों के साथ बाहर निकल रहा था। आरोप है कि रास्ते में मिले बीए के छात्र आरुष ने अचानक उस पर पेट्रोल डाला और लाइटर जला दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

आग की लपटों में घिरे फरहाद को देख छात्र-छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। फरहाद के तीन दोस्तों दीपक, प्रियांशु और ध्रुव ने फुर्ती दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाई। डॉक्टरों के अनुसार, फरहाद गले के पास करीब 10 फीसदी झुलस गया है। पीड़ित फरहाद का कहना है कि आरोपी से उसका कभी कोई विवाद या दुश्मनी नहीं रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्कूटी से पेट्रोल निकालकर 'प्रैंक' करने के दौरान यह हादसा होने की आशंका है। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी आरुष के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ कोतवाली सुनीता दहिया और एसएचओ राकेश कुमार ने कॉलेज पहुंचकर सीसीटीवी और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई।

ये भी पढ़ें:मेरठ में महिला की हत्या के बाद तनाव बरकरार, छावनी बना इलाका, अतुल प्रधान को रोका

अराजकता का गढ़ बनता जा रहा हिंदू कॉलेज, आए दिन वारदात

हिंदू कॉलेज में आए दिन मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है, कॉलेज प्रबंधन को इसका पता कर रोक लगानी चाहिए। शहर के और कॉलेजों में छात्र संख्या भले ही कम हो, लेकिन वहां मारपीट की घटनाएं न के बराबर हैं। रिकॉर्ड की बात करें तो 15 सितंबर,2025 से आठ जनवरी,2026 तक कई बार मारपीट हुई हैं। इनमें से 20 मामले पुलिस तक पहुंचे हैं। कॉलेज के कुछ जिम्मेदारों का मानना है कि मारपीट और अभद्रता के मामले में कॉलेज की ओर से कोई कार्रवाई न होने के कारण भी इस तरह की घटनाएं बढ़ रहीं हैं।

कहीं सोच-समझकर तो नहीं किया गया हमला

जिस जगह वारदात हुई है, उस कॉरिडोर में कैमरे नहीं हैं। शायद इसी का फायदा उठाया गया। जानकारों की मानें तो वारदात के बाद फरहाद के भागते समय की फुटेज एक कमरे की सीसीटीवी में कैद हुई है, लेकिन हमला करने वाले युवकों की फुटेज नहीं मिली। हिंदू कॉलेज, प्राचार्य, प्रो. एसएस रावत ने कहा कि घटना दुखद है। वारदात के बाद छात्र को तुरंत ही अस्पताल भेजा गया। पुलिस को सूचना दे दी गई थी। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही कॉलेज स्तर पर भी एक टीम का गठन कर मामले की जांच कराएंगे।

परीक्षा के दौरान कॉलेज में कैसे पहुंचा पेट्रोल

मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज में छात्र फरहाद को पेट्रोल से जलाने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। साथी छात्रों ने पानी डालकर फरहाद को बचा लिया। ऐसे में सवाल यह है कि कॉलेज में परीक्षा के दौरान गेट पर सख्ती के बीच आरोपी छात्र पेट्रोल लेकर अंदर तक कैसे पहुंच गए। कॉमर्स फैकल्टी के ऊपरी तल पर कमरा नंबर 41 के पास हुए इस वारदात में फरहाद पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी गई। सवाल यही है कि परीक्षा के दौरान सख्ती बरतने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है तो छात्र पेट्रोल लेकर कैसे अंदर तक पहुंच गए। हर बार कोई हादसा होने पर कॉलेज प्रशासन उस पर मिट्टी डालने के लिए लगातार खड़ा रहता है।

पेपर कमरा नंबर 51 में और हादसा हुआ 41 नंबर के पास

हिंदी डिपार्टमेंट व कॉमर्स डिपार्टमेंट के ऊपरी तल के कोने पर कमरा नंबर 41 है, जहां पर ये वारदात हुई। उसी फ्लोर व उसी मंजिल पर आखिरी में कमरा नंबर 51 है। फरहाद परीक्षा देकर कमरा नंबर 41 तक क्यों पहुंचा, इसकी जानकारी कोई नहीं दे पा रहा है। परीक्षा के समय में शुचिता बनाए रखने के लिए कमरा नंबर 41 और 51 के बीच एक गेट है, जिस पर ताला लगा हुआ है। ऐसे में फरहाद को 100 कदम की दूरी वाले कमरा नंबर 41 तक पहुंचने के लिए 200 मीटर का सफर करना पड़ा होगा।

नहीं बुलाई एंबुलेंस, 20 मिनट तक चिल्लाता रहा छात्र

फरहाद को आग लगाने की सूचना छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष में दी तो सभी भागे-भागे वहां पहुंच गए। प्राचार्य प्रो. सत्यव्रत रावत ने केबिन से तौलिया मंगवाकर छात्र को दी। साथियों ने तौलिया लपेटा और उसे स्कूटी से ही अस्पताल ले गए। इस दौरान किसी ने एंबुलेंस को सूचना तक नहीं दी। 20 मिनट फरहाद चिल्लाता रहा। हालांकि तर्क यह भी दिया गया है कि भीड़-भाड़ वाले इस इलाके में जब तक एंबुलेंस आती, उसके पहले ही फरहाद को अस्पताल तक पहुंचा दिया।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |