अब नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचा देगा गूगल मैप, CHC-PHC समेत महिला अस्पताल भी शामिल
जरूरतमंद मरीजों को अब गूगल मैप पर आपके नजदीकी सरकारी अस्पतालों की लोकेशन मिलेगी। अधिकतर निजी अस्पतालों की लोकेशन पहले उपलब्ध थी और अब सरकारी अस्पताल गूगल मैप पर लाए गए हैं। जिला-महिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी व पीएचसी तक गूगल मैप के जरिये पहुंचा जा सकेगा।
मरीजों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं निशुल्क मिल रही हैं पर मरीज उनका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के जरूरतमंद लोगों को घर के नजदीकी सरकारी अस्पताल पर पहुंचाने में अब गूगल एप मददगार बनेगा। इससे मरीजों को काफी सुविधा होगी। वाहन चालकों को भी पहुंचने में आसानी होगी। जनपद में संचालित मंडलीय जिला और महिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी को गूगल मैप पर लाया गया है। मुरादाबाद में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष अभियान चलाकर जनपद की 72 सरकारी चिकित्सा इकाइयों को गूगल मैप पर लाया गया है।
अधिकतर निजी अस्पताल गूगल मैप पर पूर्व से डिस्प्ले हो रहे थे। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध हैं। जिसके दृष्टिगत जरूरतमंद मरीजों को अपने घर के नजदीक स्थित अस्पताल पर पहुंचना आसान बनाने के मकसद से सभी अस्पतालों को गूगल मैप पर लाया गया है। कोई भी व्यक्ति अपने घर पर मौजूद होकर वहां से सबसे नजदीक स्थित अस्पतालों की लोकेशन गूगल मैप पर मालूम कर सकेगा और इसके जरिये वह बिना किसी परेशानी के अस्पताल पहुंच सकेगा।
अगले चरण में गूगल मैप पर लाए जाएंगे आरोग्य मंदिर
मुरादाबाद जनपद में संचालित साढ़े तीन सौ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (हेल्थ वेलनेस सेंटर) को गूगल मैप पर लाए जाने की कार्यवाही अगले चरण में की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक जिला और महिला अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 29 पीएचसी और 26 अर्बन पीएचसी की लोकेशन अब गूगल मैप पर उपलब्ध हो गई है।