
यूपी में नशे के गोरखधंधे का भंडाफोड़, 600 गोलियां-125 इंजेक्शन बरामद, गिरवी रखते थे फोन
संक्षेप: मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को ऑन कॉल नशे के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशे का सामान जब्त किया। मौके से गिरफ्तार युवक के पास से 600 नशीली गोलियां, 125 नशीले इंजेक्शन और दो मोबाइल बरामद किए गए।
मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को ऑन कॉल नशे के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशे का सामान जब्त किया। मौके से गिरफ्तार युवक के पास से 600 नशीली गोलियां, 125 नशीले इंजेक्शन और दो मोबाइल बरामद किए गए। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

थाना मैनाठेर प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह ने बताया कि बीते 13 अक्तूबर को पुलिस ने चेकिंग के दौरान नाजिम के सगे भाई दानिश निवासी घनसूरपुर, थाना एचौड़ा कम्बोह, संभल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दानिश ने बताया कि वह अपने भाई नाजिम और अन्य साथियों के साथ मिलकर नशे का कारोबार करता है।
इस नेटवर्क में मुख्य सरगना नाजिम था, जो संभल, मुरादाबाद और आसपास के जिलों में युवकों को ऑन कॉल नशा उपलब्ध कराता था। मंगलवार की रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान नाजिम को पकड़ लिया गया। उसके पास से 125 नशीले इंजेक्शन, 600 नशीली गोलियां और दो मोबाइल बरामद हुए।
मोबाइल रखकर सामान देने की आदत
किरनपाल सिंह ने बताया कि नाजिम और उसका भाई दानिश उन युवकों को, जिनके पास पैसे नहीं होते थे, मोबाइल रखकर नशा देते थे। बाद में वे पैसा जमा कर देते थे। तीन महीने पहले दानिश के कब्जे से 18 मोबाइल बरामद हुए थे। पूछताछ में दानिश ने यह खुलासा किया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि नाजिम के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों पर निगरानी जारी है। पुलिस पूरे कारोबार को तोड़ने की तैयारी कर रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद में नशे के कारोबार में हत्या तक हो चुकी
मुरादाबाद में नशे का कारोबार फलफूल रहा है। पिछले माह नशे के कारोबार के चलते कमल चौहान की हत्या कर दी गई थी। बताते हैं कि क्षेत्र में दखल को लेकर हत्या हुई। इस घटना ने यह घंटी बजा दी थी कि मुरादाबाद में नशे के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
नशे के कारोबार की विधायक भी कर चुके हैं शिकायत
मुरादाबाद में नशे के कारोबार की शिकायत नगर विधायक रितेश गुप्ता भी कर चुके हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी को शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी भी की थी। लाइनपार क्षेत्र में ढक्का कुंदनपुर में आसरा आवास नशेड़ियों का अड्डा हैं। विधायक ने शिकायत में कहा था कि सौ खाली पड़े हैं। खाली आवास नशेड़ियों का अड्डा बन चुके हैं। यह आवास नशेड़ियों के अड्डे बन गए हैं। यहां नशा बेचा भी जाता है।





