UP Rain: बारिश से राहत के साथ आफत की आहट, बढ़ रही राप्ती; बांधों की 24 घंटे निगरानी शुरू
UP Rain: उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब इसका असर राप्ती नदी के जलस्तर पर भी दिखने लगा है। हालांकि नदी का पानी अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है। लेकिन सिंचाई विभाग ने एहतियातन संवेदनशील स्थानों की चौबीसों घंटे निगरानी शुरू कर दी है।

UP Rain : मैदानी और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से जहां एक तरफ भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं आफत की आहत भी है। बारिश का असर राप्ती नदी पर दिखने लगा है। शुक्रवार को संतकबीरनगर के मेंहदावल क्षेत्र में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़कर दोपहर 12 बजे 75 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है और करमैनी-बेलौली तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। सिंचाई विभाग की टीम 24 घंटे संवेदनशील जगहों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
मेंहदावल के पूर्वी और उत्तरी कछार क्षेत्र से होकर बहने वाली राप्ती नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों से पहाड़ी व मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के कारण धीरे-धीरे बढ़ रहा है। 19.200 किलोमीटर लंबे करमैनी-बेलौली तटबंध पर ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारी नियमित रूप से जलस्तर की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। विभाग के अनुसार बेलौली में रेनकट की भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि विशुनपुर में अपरन स्लोप निर्माण का काम अंतिम चरण में है। इसके बावजूद तटबंध की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
तटबंध पर तैनात अवर अभियंता और विभागीय मेट लगातार गश्त कर रहे हैं। नदी के अति संवेदनशील कटान स्थलों नौगो, जोरवा, विशुनपुर और बेलौली पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके। अवर अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण राप्ती का जलस्तर बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर तक जलस्तर 75 मीटर दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की रफ्तार फिलहाल धीमी है और नदी अभी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है। तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है तथा विभाग की टीम चौबीसों घंटे निगरानी कर रही है।
33 जिलों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 जुलाई को प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार जताए हैं। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा में बने साइक्लोन सर्कुलेशन और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अधिक सक्रिय हो गया है। प्रदेश में 11 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
इन जिलों में हैं बहुत भारी बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग ने मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनग और बिजनौर सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की सम्भावना जताई है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

