UP Rain: यूपी में मॉनसून मेहरबान, अगले 5 दिनों तक बारिश अलर्ट, पूर्वांचल में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बदरा
UP Rain: यूपी मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। यूपी के कई हिस्सों में रविवार से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे हफ्ते ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। वीकेंड पर पूर्वांचल के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अलर्ट भी है।

UP Rain: यूपी में झमाझम बारिश जारी है। बीते दो दिनों से यूपी के कई जिलों में बदरा जमकर बरसे। मंगलवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है। वीकेंड पर पूर्वांचल में भारी वर्षा की आशंका जताई जा रही है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी यूपी में 8 से 10 जुलाई के बीच अनेक स्थानों पर बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पूर्वी यूपी में भी कई स्थानों पर बदरा बरसने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना
लखनऊ स्थित मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी यूपी के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर वर्षा, मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
पूर्वांचल में वीकेंड पर जमकर बरसेंगे बदरा
वैज्ञानिकों के मुताबिक 8, 9 और 10 जुलाई को प्रदेश में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं 10 जुलाई को पूर्वांचल में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। जबकि पश्चिमी के लिए किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
बांदा में सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि बांदा में सबसे अधिक 61.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके अलावा मेरठ में 68.2 मिलीमीटर, वाराणसी (बीएचयू) में 32.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 24 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 20.8 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा। आईएमडी के मुताबिक, बांदा में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इटावा में यह 32.6 डिग्री सेल्सियस और कानपुर शहर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा लखनऊ में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

