यूपी MLC चुनाव: भाजपा से टिकट के लिए कहां से कौन-कौन कर रहा दावेदारी, क्या है तैयारी

लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

यूपी में शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव का ऐलान हो गया है।  सपा ने सभी 11 सीटों के लिए पहले ही प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा के अभी पांच ही घोषित हुए हैं। छह सीटों पर दावेदारी तेज हो गई है। 

UP MLC Elections
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (फाइल फोटो)

यूपी में मंगलवार को राज्यसभा की 10 और विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही, सियासी तपिश बढ़ गई। विधान परिषद की यह सीटें स्नातक और शिक्षक कोटे की हैं। सपा सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा इनमें से पांच सीटों पर मई में प्रत्याशी घोषित किए थे। आधा दर्जन सीटों पर माथापच्ची का सिलसिला जारी है। हालांकि इन सीटों पर कोर कमेटी सहित कई स्तर पर मंथन हो चुका है। चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के बाद इन सीटों पर जल्द प्रत्याशी घोषित होने की उम्मीद है।

विधान परिषद की जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है। उन सभी पर समाजवादी पार्टी पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा को अभी गोरखपुर शिक्षक सीट, इलाहाबाद स्नातक सीट, वाराणसी शिक्षक और स्नातक सीट, आगरा शिक्षक सीट और मेरठ स्नातक सीट पर प्रत्याशी घोषित करने हैं। दरअसल, भाजपा जिताऊ चेहरों की खोज में जुटी है।

गोरखपुर शिक्षक सीट से इस बार शर्मा गुट से एमएलसी रहे ध्रुव कुमार त्रिपाठी और प्रयागराज स्नातक सीट पर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेश अध्यक्ष रहे सुरेश त्रिपाठी के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। सुरेश त्रिपाठी ने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

आगरा स्नातक सीट पर आकाश अग्रवाल और हरिकिशोर तिवारी

आगरा स्नातक सीट पर पिछला चुनाव निर्दलीय जीते आकाश अग्रवाल भी भाजपा का टिकट चाहते हैं जबकि कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी की भी इस सीट पर मजबूत दावेदारी है। एटा के राहुल गुप्ता भी भाजपा का टिकट चाहते हैं। जो पांच सीटें भाजपा घोषित कर चुकी है, उसमें पार्टी ने मौजूदा चेहरों पर ही दांव लगाया है।

लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद से हरी सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक सीट से डा. मानवेंद्र सिंह और मेरठ-सहारनपुर सीट से श्रीचंद शर्मा को फिर मैदान में उतारा गया है।

नवरात्र के ठीक बाद 23 अक्तूबर को मतदान

यूपी में विधान परिषद की 11 सीटों पर नवरात्र के ठीक बाद 23 अक्तूबर को चुनाव होगा। विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और छह अक्तूबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। विधान परिषद की पांच खंड स्नातक व छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सदस्यों का चुनाव होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांच खंड स्नातक व छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को पूरा हो रहा है।छह अक्तूबर तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्तूबर तय की गई है। 23 अक्तूबर को मतदान होगा। 27 अक्तूबर को मतगणना होगी।

इन लोगों का कार्यकाल हो रहा पूरा

जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने के चलते चुनाव कराया जा रहा है, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डा. मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरुजी, मेरठ से दिनेश कुमार गोयल, इलाहाबाद-झांसी से डा. मान सिंह यादव, लखनऊसे उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डा. आकाश अग्रवाल, मेरठ से श्रीचन्द शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद खंड क्षेत्र से ध्रुव कुमार त्रिपाठी शामिल हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी MLC चुनाव: BJP से टिकट के लिए कहां से कौन-कौन कर रहा दावेदारी, क्या तैयारी