यूपी में पंचायत-निकाय की वोटर लिस्ट और राशन की दुकान से खोजेंगे छूटे मतदाता, चलेगा महाभियान
यूपी में पंचायत चुनाव -निकाय चुनाव की वोटर लिस्ट और राशन की दुकान से छूटे मतदाता खोजेंगे। निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों का मिलान व सरकारी राशन की दुकान की मदद से छूटे मतदाताओं को जोड़ा जाएगा।

यूपी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए महाभियान चलेगा। निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों का मिलान व सरकारी राशन की दुकान की मदद से छूटे मतदाताओं को जोड़ा जाएगा। महिलाओं व युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा की ओर से सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए गए हैं कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में प्रत्येक अर्ह नागरिक का नाम शामिल किये जाने के लिए विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का गहनतापूर्वक मिलान पंचायत एवं नगरीय निकाय मतदाता सूची से किया जाए। फिर ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए जिनका नाम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नहीं है और सभी पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। ऐसे लोग जिनका नाम किसी भी मतदाता सूची में शामिल नहीं है उन्हें मतदाता बनाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) फॉर्म-6 भरवाएं।
सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से संचालित की जा रही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग लिया जाए। सभी जिलों में सरकारी राशन की दुकानों में पंजीकृत राशन कार्डों में अंकित 18 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाए। फिर इनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाए।
पात्र छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।
यह भी निर्देश दिए गए कि पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब को सक्रिय किये जाने किया जाए। कक्षा-9 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के ऐसे पात्र छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) व मतदाता साक्षरता क्लब के समन्वयकों के बीच समन्वय स्थापित कर नाम जोड़े जाएं। युवा मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग हेतु युवाओं के लिए कार्य करने वाले विभिन्न सरकारी संस्थाओं एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र, युवक मंगल दल तथा भारत स्काउट व गाइड आदि का भी सहयोग लिया जाए।
पुरुषों के मुकाबले महिलाएं कम, उन्हें बढ़ाएं
यूपी की मतदाता सूची में कुल 13.46 करोड़ लोगों के नाम हैं। जिसमें से 7.34 करोड़ पुरुष व 6.11 करोड़ महिलाएं हैं। सीईओ ने निर्देश दिए कि वर्तमान मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष असामान्य रूप से कम है। समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विभिन्न शासकीय विभागों यथा महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अतंर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए०एन०एम० एवं समूह सखियों का सहयोग प्राप्त किया जायेगा।

