
सोनू हत्याकांड की जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर, 5 पुलिसकर्मियों की टीम करेगी जांच
यूपी के मेरठ में सरधना के सोनू हत्याकांड में एसएसपी/डीआईजी मेरठ में जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी है। प्रकरण में पुलिस पर चौतरफा दबाव बनाया जा रहा था और लगातार हंगामे में हो रहे हैं। इस मामले में अब एसपी क्राइम और सीओ क्राइम के निर्देशन में पांच पुलिसकर्मियों की टीम जांच करेगी।
यूपी के मेरठ में सरधना के सोनू हत्याकांड में एसएसपी/डीआईजी मेरठ में जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी है। प्रकरण में पुलिस पर चौतरफा दबाव बनाया जा रहा था और लगातार हंगामे में हो रहे हैं। इस मामले में अब एसपी क्राइम और सीओ क्राइम के निर्देशन में पांच पुलिसकर्मियों की टीम जांच करेगी। फॉरेंसिक साक्ष्य के अलावा फुटेज, सर्विलांस समेत तमाम बिंदुओं पर काम किया जाएगा।
सरधना के सलावा में कुछ दिन पहले ही मुजफ्फरनगर के सोनू कश्यप की मामूली विवाद के बाद टेंपो चालक ने बेरहमी से पीट कर हत्या कर दी थी। कत्ल करने के बाद मोबिल ऑयल डालकर लाश को जला दिया था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की थी। कई पार्टी के लोग भी घटना को लेकर मेरठ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। बुधवार को सोनू कश्यप के परिजनों ने जांच क्राइम ब्रांच से करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद एसएसपी/डीआईजी मेरठ डॉ. विपिन ताडा ने सोनू हत्याकांड की जांच क्राइम ब्रांच ट्रांसफर कर दी।
सोनू के परिजनों से मिले राज्यमंत्री, आर्थिक मदद की
उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (दिव्यांगजन) एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने बुधवार सुबह सोनू के परिजनों से दादरी पार कर अम्हैड़ा रिसोर्ट में मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्हें ज्वालागढ़ पहुंचना था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया और सोनू के परिजनों को दादरी में बुलाया। मंत्री ने पीड़ितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मृतक के परिजनों को निजी तौर पर एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी।
ज्वालागढ़ में फोर्स तैनात
सरधना। रोहित उर्फ सोनू की हत्या व उसमें हुई कार्रवाई को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। कार्रवाई के लिए अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा रहे हैं। सोनू के रिश्तेदारों के यहां ज्वालागढ़ में नेता व कश्यप समाज के जिम्मेदार लोगों के आने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। सोनू के रिश्तेदारों के घर के रास्ते पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी। मीडिया-जनप्रतिनिधियों को भी यहां आने से अब रोक दिया गया।
सरधना को लेकर वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार
कपसाड़ और ज्वालागढ़ प्रकरण को लेकर अब वीडियो वायरल होने शुरू हो गए हैं। बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई जिसको लेकर लोगों में रोष फैल गया। वायरल वीडियो में एक युवक आसपा के अध्यक्ष और एक पक्ष के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी करता दिखा। वीडियो सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों और लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
मामला संज्ञान में आने पर सीओ ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने वीडियो कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। साथ ही वीडियो बनाने वाले आरोपी युवक नीशू ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उधर, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सोशल मीडिया पर नीशू ठाकुर नाम के युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड को लेकर सपा ने किया प्रदर्शन
सरधना क्षेत्र में पिछले दिनों रोहित उर्फ सोनू कश्यप की जिंदा जलाकर हत्या के मामले में सपा ने बुधवार को जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन देकर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक मदद एवं एक मकान दिए जाने की मांग की। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक शाहिद मंजूर, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी के नेतृत्व में सपाई कमिश्नरी पार्क में जुटे। वहां से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान मृदुला यादव, विजयपाल कश्यप, नदीम चौहान, विनीत भराला आदि रहे।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को मेरठ जाने से रोका
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को पुलिस ने बुधवार को यूपी गेट पर रोक दिया। वह मेरठ में सोनू कश्यप के परिजनों से मिलने जा रहे थे। मंत्री के नाराजगी जताने के बावजूद पुलिस ने रास्ता नहीं खोला। काफी मान-मनौव्वल के बाद शाम सात बजे वह दिल्ली लौटे। कपसाड़ में महिला की हत्या के कारण बीएनएस की धारा 163 लागू है।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



