किशोरी का मुंह दबाकर बक्से में किया बंद, सात घंटे बाद मोहल्ले वालों ने ढूंढी लड़की
- मेरठ में टीपीनगर के नई बस्ती लल्लापुरा में बुधवार दोपहर सनसनीखेज वारदात न वारदात हुई। नशेड़ी युवक ने 13 13 साल की किशोरी को बहाने से घर में बुलाकर बक्से में बंद कर लिया। करीब सात घंटे तक किशोरी इसी बक्से में बंद रही।

मेरठ में टीपीनगर के नई बस्ती लल्लापुरा में बुधवार दोपहर सनसनीखेज वारदात न वारदात हुई। नशेड़ी युवक ने 13 13 साल की किशोरी को बहाने से घर में बुलाकर बक्से में बंद कर लिया। करीब सात घंटे तक किशोरी इसी बक्से में बंद रही। किशोरी के परिजनों ने खोजबीन शुरू की। मोहल्ले की एक महिला ने नशेड़ी के साथ किशोरी को देखने की बात बताई। इसके बाद भीड़ आरोपी के घर पहुंची। तलाशी के दौरान बक्से से किशोरी बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
टीपीनगर की नई बस्ती में फलावदा निवासी मलखान बेटे मोहित के साथ रहता है। मोहित नशा करने और शराब पीने का आदी है। मोहित के घर के बराबर में ही उनके रिश्तेदार का मकान है। बुधवार दोपहर करीब 11.30 बजे मोहित के रिश्तेदार की 13 वर्षीय बेटी (रिश्ते की बहन) गली में खेल रही थी। इस दौरान नशे में धुत मोहित ने किशोरी को बहाने से अपने घर बुला लिया। उसका मुंह दबाकर बक्से में बंद कर दिया। कुछ समय बाद किशोरी नजर नहीं आई तो परिजनों ने तलाश शुरू की।
मोहल्ला निवासी एक महिला ने बताया कि उसने बच्ची को आखिरी बार मोहित के साथ देखा था। इसके बाद किशोरी के परिजन और बाकी मोहल्ले के लोग मोहित के घर पहुंच गए। लोगों को मोहित के घर में एक बड़े बक्से में किशोरी बेहोशी की हालत में बंद मिली। लोगों ने आरोपी की पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। किशोरी को अस्पताल लाया गया। होश आने के बाद किशोरी ने बताया कि मोहित ने ही उसे बक्से में बंद किया था। देररात तक दोनों पक्ष समझौते के लिए लगे रहे।
समझौते की जानकारी पर भड़के एसपी सिटी
इस मामले में थाना पुलिस ने समझौते के लिए पूरी पटकथा तैयार करा ली थी। जानकारी होने पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भड़क गए। साफ किया कि महिला एवं बाल अपराध के मामलों में कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस को तुरंत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद आरोपी मोहित पर मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी सिटी, आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि किशोरी को घर में बंधक बनाने की शिकायत मिली है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। बक्से में बंद करने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस मामले में कोई समझौता नहीं मानेगी और मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।