फिल्मी अंदाज में खुद की गाड़ी पर चलवा दीं गोलियां, ई-रिक्शा चालक के बयान ने फंसाया
यूपी के मेरठ में रंजिश और सामने वाले पर दबाव बनाने की चाह में एक युवक ने ऐसा खतरनाक नाटक रचा, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। फिल्मी अंदाज में खुद की कार पर गोलियां चलाकर अज्ञात बदमाशों का हमला दिखाया गया।

यूपी के मेरठ में रंजिश और सामने वाले पर दबाव बनाने की चाह में एक युवक ने ऐसा खतरनाक नाटक रचा, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। फिल्मी अंदाज में खुद की कार पर गोलियां चलाकर अज्ञात बदमाशों का हमला दिखाया गया, लेकिन पुलिस की सख्त जांच के बाद फर्जी कहानी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। थाना परतापुर क्षेत्र में हाईवे पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना का बुधवार को प्रेस वार्ता कर पुलिस ने खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, चार जनवरी की रात सूचना मिली थी कि हाईवे पर एक कार पर तीन अज्ञात युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और शिकायतकर्ता को थाने लाकर तहरीर ली। तहरीर में युवक ने तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी की जांच के निर्देश दिए। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को संदेह हुआ। फुटेज में तहरीर में नामजद आरोपी घटनास्थल के आसपास आते-जाते नजर नहीं आए।
ई रिक्शा चालक ने खोली पोल
जांच के दौरान सीसीटीवी में एक ई रिक्शा चालक की पहचान हुई, जो घटनास्थल के पास से गुजरा था। ई रिक्शा नंबर के आधार पर चालक को बुलाकर पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि जिस समय फायरिंग की बात कही जा रही है, उस वक्त कार पहले से ही सड़क किनारे खड़ी थी। इस बयान के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने खुद की कार पर फायरिंग कराए जाने की बात कबूल कर ली।
10 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर का विवाद बना वजह
पुलिस ने बताया कि आरोपी शशांक निवासी शताब्दीनगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शशांक ने करीब तीन माह पहले दस लाख रुपये में एक फॉर्च्यूनर कार खरीदी थी। कार खरीदने के अगले दिन ही विक्रेता दूसरी चाबी से वाहन ले गया। इस मामले में शिकायत के बावजूद दबाव बनाने और सामने वाले को फंसाने की नीयत से शशांक ने फर्जी हमले की पूरी पटकथा रची।
एसपी सिटी, आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि युवक ने अवैध पिस्टल खरीदकर खुद की कार पर गोलियां चलवाईं और बाद में कुछ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला बेहद गंभीर है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

