चलती ट्रेन में मेडिकल छात्रा से रेप की कोशिश, साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में वारदात

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share

साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में मेडिकल छात्रा से रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी अमित सिंह यादव ने छात्रा को नशीला पदार्थ देने और छेड़छाड़ का प्रयास किया। लखनऊ पहुंचने पर जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की माँ ने सोशल मीडिया पर रेलवे से मदद मांगी थी।

चलती ट्रेन में मेडिकल छात्रा से रेप की कोशिश, साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में वारदात

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक ऐसी घृणित वारदात में कार्रवाई की है, जिसने ट्रेन के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले 'फर्स्ट एसी' कोच की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस में सफर कर रही एक मेडिकल छात्रा उसी कोच में मौजूद यात्री ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने और उसकी माँ द्वारा सोशल मीडिया पर तत्काल गुहार लगाने के बाद, ट्रेन के लखनऊ पहुँचते ही जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जबरिया नशीली चीज खिलाने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मेडिकल की छात्रा है और वह ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में यात्रा कर रही थी। छात्रा की मां ने 'एक्स' पर रेलवे और यूपी पुलिस को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को अकेला पाकर सहयात्री अमित सिंह यादव ने मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

Voice of UP

आरोपी ने पहले छात्रा को कोई नशीली वस्तु खिलाने का प्रयास किया ताकि वह बेसुध हो जाए। जब छात्रा ने इनकार किया, तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और गलत नीयत से उसे दबोच लिया। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए कड़ा विरोध किया और शोर मचाया। शोर सुनकर कोच में मौजूद अन्य यात्री और टीटीई मौके पर पहुँचे, जिसके बाद आरोपी पीछे हटा।

सोशल मीडिया पर मां की गुहार और रेलवे का एक्शन

पीड़िता की माँ ने अपनी पोस्ट में व्यथा व्यक्त करते हुए लिखा कि उनकी बेटी बुरी तरह डरी हुई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीआरएम (DRM) लखनऊ और रेल सेवा ने तत्काल रिस्पॉन्स दिया। कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना लखनऊ जीआरपी को भेजी गई। जैसे ही ट्रेन देर रात लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर रुकी, जीआरपी की टीम कोच में दाखिल हुई और आरोपी अमित सिंह यादव को हिरासत में ले लिया।

जीआरपी की विधिक कार्रवाई

जीआरपी लखनऊ के अनुसार, उप-निरीक्षक लक्ष्मी सिंह और एएसआई राधेश्याम त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। आरोपी को ट्रेन से उतारकर थाने लाया गया, जहाँ पीड़िता की तहरीर पर संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और छात्रा को हर संभव सुरक्षा व सहायता प्रदान की गई है। इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा और विशेष रूप से रात के समय पेट्रोलिंग की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।