
मनी लांड्रिंग केस की धमकी से डरकर तुड़वाने पहुंची डेढ़ करोड़ की एफडी, बैंक ने डिजिटल ठगी से बचाया
लखनऊ में विकासनगर इलाके में पंजाब नेशनल बैक के अफसरों और पुलिस की सक्रियता से पीडब्ल्यूडी के पूर्व अफसर की पत्नी ऊषा शुक्ला डिजिटल अरेस्ट ठगी गिरोह का शिकार होने से बच गई। जालसाजों ने उन्हें फोन कर मनी लांड्रिंग के केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी थी।
यूपी की राजधानी लखनऊ में साइबर ठगों का बड़ा जाल फैला है। हाल ही में लखनऊ में विकासनगर इलाके में पंजाब नेशनल बैक के अफसरों और पुलिस की सक्रियता से पीडब्ल्यूडी के पूर्व अफसर की पत्नी ऊषा शुक्ला डिजिटल अरेस्ट ठगी गिरोह का शिकार होने से बच गई। जालसाजों ने उन्हें फोन कर मनी लांड्रिंग के केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी थी। डरी सहमी ऊषा 10 एफडी (कुल राशि डेढ़ करोड़ रुपये) की लेकर पीएनबी की शाखा में तोड़वाने पहुंच गई।
एकाएक इतनी बड़ी राशि बैंक से निकालने पर बैंक की डिप्टी मैनेजर इंद्राणी ने सवाल जवाब किए। ऊषा कुछ बोलने को तैयार नहीं थी। डिप्टी मैनेजर ने ऊच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने थाना प्रभारी विकासनगर आलोक कुमार सिंह को मामले की जांच के आदेश दिए। मौके पर पुलिस बल भेजा गया। ऊषा को मैनेजर स्वर्ण राठौर के केबिन में बुलाया गया। वहां पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस और बैंक अफसरों ने ऊषा के मन से डर निकालने के लिए उनकी काउंसिलिंग की। बड़ी मुश्किल से ऊषा ने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें मनी लांड्रिंग के केस में फंसाकर डिजिटल अरेस्ट किया है। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर तफ्तीश शुरू कर दी है। ऊषा ने बताया कि उनके पति पीडब्ल्यूडी में अफसर थे। उनकी मृत्यु हो चुकी है। बेटा शहर के बाहर नौकरी करता है। एसीपी ने बताया कि पीड़िता के बयानों और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डिजिटल अरेस्ट गिरोह के बारे में मोबाइल नंबर के आधार पर तफ्तीश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



