
लखनऊ में बनने वाले नौसेना शौर्य संग्रहालय का डिजाइन मंजूर, 7 डी थिएटर संग ये होगा खास
यूपी के लखनऊ में इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ के किनारे नौसेना शौर्य संग्रहालय निर्माण में तेजी आई है। यहां का डिजाइन पास हो चुका है। शहीद पथ के पास बन रहे नौसेना शौर्य संग्रहालय में जल्द नौसेना के ऐतिहासिक विमान और हेलीकॉप्टर को प्रदर्शन के लिए लाया जाएगा।
यूपी के लखनऊ में इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ के किनारे नौसेना शौर्य संग्रहालय निर्माण में तेजी आई है। यहां का डिजाइन पास हो चुका है। शहीद पथ के पास बन रहे नौसेना शौर्य संग्रहालय में जल्द नौसेना के ऐतिहासिक विमान और हेलीकॉप्टर को प्रदर्शन के लिए लाया जाएगा। संग्रहालय में आईएनएस गोमती युद्धपोत के अवशेषों के साथ अब टीयू 142 विमान और एसके 42 बी हेलीकॉप्टर भी आकर्षण बनेंगे।
फाइटर जेट,हेलीकॉप्टर को भी प्रदर्शित करने का नया करार हुआ है। इसके लिए चार करोड़ का टेंडर हो चुका है। तमिलनाडु के आईएनएस राजाली एयर स्टेशन पर मौजूद ये दोनों विमान, सेवामुक्त होने के बाद लखनऊ लाए जा रहे हैं। ये विमान संग्रहालय के ‘ओपन एयर म्यूजियम’ सेक्शन का हिस्सा बनेंगे, जिससे आगंतुक इन्हें करीब से देख सकेंगे और नौसेना की हवाई क्षमताओं को समझ सकेंगे। इन विशाल विमानों के परिवहन की लॉजिस्टिक्स पर काम तेज़ी से चल रहा है।
इकाना स्टेडियम के पास बन रहे इस 23 करोड़ रुपये की परियोजना का लगभग 20 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अधिकारियों का ध्यान अब इन प्रमुख नौसैनिक कलाकृतियों को निर्धारित स्थान पर लाकर व्यवस्थित करने पर केंद्रित है। टीयू-142 और एसके-42बी हेलीकॉप्टर के साथ, संग्रहालय में सेवानिवृत्त युद्धपोत आईएनएस गोमती के प्रमुख हिस्से, प्रोपेलर, और नियंत्रण कंसोल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। यह संग्रहालय उत्तर प्रदेश के युवाओं को नौसेना के शौर्य और इतिहास से जोड़ने का एक अनूठा माध्यम बनेगा।
क्या है खास
जहाज रेलिंग, पोर्थोल खिड़कियां, नौसैनिक वास्तुकला समुद्री प्रतीकों के साथ विशिष्ट पहचान देने की योजना है। इंटरप्रिटेशन सेंटर, सेंट्रल डेक, ओपन एयर मेमोरियल, थीमैटिक वॉकवे, प्रदर्शनी गैलरी, फाउंटेन और लाइट-एंड-साउंड एरिना होंगे। परियोजना दो हिस्सों में विकसित हो रही है। पहली-‘आईएनएस गोमती शौर्य स्मारक’ और दूसरी-‘नौसेना शौर्य वाटिका’। ‘आईएनएस गोमती (एफ-21)’ गोदावरी श्रेणी का स्वदेशी मिसाइल फ्रिगेट है जिसने नौसेना के ‘ऑपरेशन कैक्टस’, ‘ऑपरेशन पराक्रम’ में हिस्सा लिया। इसे संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।
ये होंगे प्रमुख आकर्षण
संग्रहालय में 7 डी थिएटर, एयरक्राफ्ट कैरियर लैंडिंग सिम्युलेटर, वॉरशिप सिम्युलेटर, सबमर्ज्ड द्वारका मॉडल, डिजिटल वाटर स्क्रीन शो, मरीन लाइफ एक्वेरियम तथा ‘ड्रेस लाइक योर हीरोज़’ जैसी सहभागितापरक गतिविधियां होंगी। इसके अतिरिक्त नौसेना के वीरता पुरस्कारों, ऐतिहासिक अभियानों और स्वदेशी रक्षा नवाचारों से जुड़ी इंटरएक्टिव गैलरियां भी विकसित होंगी। निगरानी हेतु महानिदेशक पर्यटन की अध्यक्षता में समिति बनी है, जिसमें मेरिटाइम हेरिटेज सोसाइटी, यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन और नौसेना विशेषज्ञ सम्मिलित हैं।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



