केजीएमयू लखनऊ के नर्सिंग अधीक्षक चार दिन से लापता, काल डिटेल्स से मिले कई अहम सुराग
केजीएमयू लखनऊ के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग चार दिन से लापता हैं। उनकी कार सीतापुर में मिली है। पुलिस की कई टीमें उनकी खोज में लगी हैं। पवन की काल डिटेल्स से पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं।

यूपी के लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) के अर्थोपेडिक विभाग के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग रविवार को रहस्यमय हालात में लापता हो गए। देर रात तक घर न लौटने पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की कुछ पता नहीं चला। परिवारीजनों ने मड़ियांव थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार को उनकी कार सीतापुर जनपद के कमलापुर-जयरामपुर मार्ग पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। पवन गर्ग की तलाश में पुलिस की छह टीमें लगी हैं।
एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र के मुताबिक पवन गर्ग यहां केशवनगर में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार को पवन के भतीजे संजय गर्ग ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने तहरीर देकर बताया था कि 27 सितंबर की रात करीब आठ बजे चाचा कार लेकर घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर उन्हें फोन किया गया तो मोबाइल स्विच आफ मिले। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चला। एसीपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश में छह पुलिस टीम गठित की गई।
इटौंजा टोल प्लाजा से निकली थी नर्सिंग अधीक्षक की कार
किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) के अर्थोपेडिक विभाग के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग रविवार को रहस्यमय हालात में लापता हो गए। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो सीसी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर सीतापुर की ओर गाड़ी जाते दिखी। एसीपी ने बताया कि सीसी फुटेज में इटौंजा टोल प्लाजा पार करते हुए कार रविवार रात 11:30 बजे दिखी है। पुलिस टीम ने पूरा रूट प्लान तैयार कर लिया है। पवन की काल डिटेल्स से कई अहम सुराग मिले हैं। उसके आधार पर उनकी तलाश जारी है।
सीतापुर पुलिस को भी एक्टिव किया गया। इस बीच मंगलवार सुबह पवन की कार कमलापुर इलाके में जयरामपुर मार्ग पर चदेहरा बाजार के पास खड़ी मिली। सूचना पर कलमापुर इंस्पेक्टर पहुंचे। उन्होंने कार नंबर के आधार पर घटना की जानकारी मड़ियांव पुलिस को दी। पुलिस टीम पहुंची। कार को कब्जे में ले लिया गया है। कार को थाने में खड़ा किया गया है। पवन की तलाश में पुलिस की छह टीमें लगी हैं। अभी तलाश जारी है। मोबाइल की काल डिटेल्स के आधार पर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

