आजम खां के करीबी व्यापारी सलीम से ईडी ने की पूछताछ, जौहर ट्रस्ट को दिया था दान
जौहर ट्रस्ट को दान देने वाले व्यापारी से ईडी ने पूछताछ की है। व्यापारी सलीम का नाम आजम खान के करीबी लोगों में शामिल था। ईडी ने सलीम को दोबारा तलब किया है। सलीम पर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये दान करने का आरोप है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सपा नेता आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी व जौहार ट्रस्ट के विरुद्ध चल रही गड़बड़ी की जांच में कारोबारी सलीम से लंबी पूछताछ की है। वह सपा नेता आजम का करीबी माना जाता है। सूत्रों के अनुसार कारोबारी सलीम ने जौहर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये दान में दिए थे। ईडी ने इसी सिलसिले में उससे पूछताछ कर बयान दर्ज किए है। ईडी ने बीते दिनों भी कारोबारी से पूछताछ की थी, जिसे बुधवार को दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया गया था। ईडी ने उससे दान की रकम के श्रोत से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं। आशंका है कि जौहर ट्रस्ट में काली कमाई को दान किया गया था। ईडी पांच फर्मों के जरिए जल निगम का प्रचार का ठेका हासिल करने वालों की भी जांच कर रही है।
सलीम ईडी के रडार पर चल रहे हैं। पिछले दिनों ईडी ने उनसे पूछताछ की थी। उसके बाद बुधवार को दोबारा तलब कर पूछताछ की गई है। अधिकारियों के मुताबिक सलीम और उसके साथी अनवर को ईडी ने बीते दिनों समन भेजकर तलब किया था। चार बार समन भेजने के बाद भी वह पेश नहीं हो रहा था। हालांकि बीते सप्ताह वह जांच एजेंसी के सामने पेश हुआ था, जिसके बाद उसे ट्रस्ट को डोनेशन की रकम देने से जुड़े दस्तावेजों के साथ आज फिर बुलाया गया था।
ईडी के अधिकारियों ने उससे दान की राशि के संबंध में दस्तावेजों की मांग की है। ईडी के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि जौहर ट्रस्ट के जरिए सलीम ने काली कमाई को दान देकर सफेद कमाई में बदला था। ईडी ने ट्रस्ट को दिए गए करोड़ों रुपये के दान से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। जांच में कथित मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका भी देखी जा रही है। इसी मामले में अन्य कारोबारियों से पूछताछ की तैयारी है।
अधिकारियों को संदेह है कि सलीम के जरिये जौहर ट्रस्ट ने ब्लैक मनी को डोनेशन के रूप में लेकर सफेद करने की साजिश रची थी। इस प्रकरण में नोएडा के एक बड़े कारोबारी का नाम भी सामने आ रहा है, जिसे ईडी पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी में है। इस कारोबारी के जरिये भी करोड़ों रुपये की ब्लैक मनी को सफेद करने के पुख्ता सुराग मिले हैं। ईडी को इस बात के सुराग मिले हैं। दूसरी तरफ ईडी ने पांच फर्मों के जरिए जल निगम का प्रचार का ठेका लेने वाले आफताब की भी जांच तेज कर दी है। पिछले दिनों ईडी ने जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक से इस संदर्भ में दस्तावेज मांगे थे।

